पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा का अंब स्थित स्वर्ग धाम में दोपहर बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई संजय शर्मा, बेटे आदित्य और पार्थ ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।
 | 
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

ऊना । हिमाचल प्रदेश हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हिमुडा) के उपाध्यक्ष एवं भाजपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रवीण शर्मा (68) का बीमारी के कारण वीरवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेशभर में शोक की लहर है। अंब स्थित स्वर्ग धाम में दोपहर बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई संजय शर्मा, बेटे आदित्य और पार्थ ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी।

बुधवार को वह पीजीआई चंडीगढ़ से चेकअप करवाकर लौटे थे। रात को 11 बजे उन्होंने अपनी मुंह बोली बेटी के पति के साथ फोन पर आखिरी बार बात की। इसके बाद रात को वह सोशल मीडिया पर ऑनलाइन थे। सुबह 6:00 बजे उनका नौकर दर्शन जब उन्हें दवा देने गया तो वह बिस्तर पर मृत मिले। उस समय फोन उनके हाथ में ही था। उनकी मौत का समाचार सुनते ही उनके समर्थक आवास पर पहुंचे और परिजनों को संभाला।

प्रवीण शर्मा के देहावसान का समाचार सुनते ही सुबह से ही उनके निवास स्थान अंब में लोगों का तांता लग गया।  वह वर्ष 1998 से 2003 तक धूमल सरकार में आबकारी एवं कराधान तथा खेल मंत्री रहे तथा धूमल सरकार के दूसरे कार्यकाल में जल प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष रहे। इसके अतिरिक्त वह भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदों पर रहते हुए पार्टी तथा आमजन के प्रति अपने दायित्व के लिए सजग रहे।

उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, वन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, हिमाचल प्रदेश छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर सिंह, एचपीएसआईडीसी उपाध्यक्ष प्रोफेसर राम कुमार, जिला परिषद ऊना के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, ऊना जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा, कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष तरसेम लाल, जिला भाजपा महामंत्री राजकुमार पठानियां, एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, पूर्व सांसद कृपाल परमार, पूर्व विधायक नवीन धीमान एवं सुषमा शर्मा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

जयराम ठाकुर बोले, भुलाया नहीं जा सकता योगदान

मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने इंटरनेट मीडिया के माध्‍यम से अपना शोक संदेश दिया है। उन्‍होंने लिखा है प्रवीण शर्मा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। पार्टी की मजबूती के लिए उन्‍होंने सदा समर्पण भाव से भूमिका निभाई है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। भाजपा परिवार में उनकी कमी हमेशा खलेगी। ईश्‍वर दिवंगत आत्‍मा को अपने चरणों में स्‍थान दें व शोकग्रस्‍त परिवार और समर्थकों को संबल प्रदान करें।

 

 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।