Chamba : शाहपुर दौरा बीच में छोड़कर ककरोटीघट्टा प्रभावितों से मिलने पहुंचे सीएम जयराम

शाहपुर दौरे पर जा रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार दोपहर 2:15 बजे भटियात विधानसभा क्षेत्र के सिहुंता उपमंडल के ककरोटीघट्टा के कारघाट गांव पहुंचे। सीएम का काफिला कारघाट गांव से 30 मीटर पीछे ही रुक गया। 
 | 
ककरोटीघट्टा प्रभावितों से मिलने पहुंचे सीएम जयराम

चंबा  ।   हिमाचल प्रदेश के शाहपुर दौरे पर जा रहे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार दोपहर 2:15 बजे भटियात विधानसभा क्षेत्र के सिहुंता उपमंडल के ककरोटीघट्टा के कारघाट गांव पहुंचे। सीएम का काफिला कारघाट गांव से 30 मीटर पीछे ही रुक गया। यहां से पैदल ककरोटीघट्टा में गत दिनों हुई भारी बारिश से प्रभावित 37 परिवारों से मिलने पहुंचे। टेंट में रह रहे प्रभावितों ने मुख्यमंत्री और विधायक बिक्रम सिंह जरयाल को अपनी व्यथा सुनाई।

सीएम ने प्रभावितों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। कई प्रभावित भावुक हो गए। टेंट में रह रहे प्रभावितों के बच्चों को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट भी दिए।  जिला चंबा के कारघाट गांव में बीते 18 अगस्त को भारी बारिश से हुए भूस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए थे। कई लोगों के मकानों में दरारें आ गई हैं। प्रशासन ने उनके घर तो खाली करवा दिए, लेकिन अभी 37 परिवार टेंटों में रह रहे हैं। 

सीएम ने कहा कि केंद्र की टीम हिमाचल में मानसून सीजन में हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंची है। सोमवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात हुई है। गृह मंत्री ने उन्हें प्रभावितों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। अभी भी बरसात का मौसम जारी है। सभी को एहतियात बरतने की जरूरत है। लोग बेवजह घरों से न निकलें। किसी भी प्रकार की प्राकृतिक हानि होने पर तुरंत शासन-प्रशासन को बताएं। दोपहर 2:45 बजे मुख्यमंत्री कांगड़ा के लिए रवाना हो गए। 
 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।