हिमाचल में भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम कांग्रेस में शामिल

पूर्व मंत्री व हिमाचल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम शर्मा  कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की मौजूदगी में खीमी राम ने कांग्रेस का दामन थामा। 
 | 
खिमी राम कांग्रेस में शामिल

शिमला  ।  हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ दल भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री व हिमाचल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम शर्मा मंगलवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला की मौजूदगी में नई दिल्ली में खीमी राम ने कांग्रेस का दामन थामा। पूर्व मंत्री खीमीराम शर्मा 20 साल शिक्षक की नौकरी करने के बाद राजनीति में आए।  कॉलेज में छात्र संघ के अध्यक्ष रहे खीमीराम ने अध्यापन छोड़ने के बाद भाजपा में लंबी पारी खेली है।

खीमीराम का सक्रिय राजनीति में प्रवेश 1999 में हुआ था और 2000 में उन्होंने जिला परिषद सदस्य के लिए अपना पहला चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। बाद में वे जिला परिषद के अध्यक्ष के पद के लिए चुने गए। 2003 में उन्हें बंजार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट मिला और उन्होंने चुनाव जीता और 2007 में उन्होंने फिर से बंजार से चुनाव जीता। 2007 में उन्हें सर्वसम्मति से विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में चुना गया। 2009 में उन्हें प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष के रूप में चुना गया था।

2011 में वह धूमल सरकार में कैबिनेट के सदस्य बने और प्रदेश के वन मंत्री के रूप में कार्य किया। वह पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल के विश्वासपात्र भी माने जाते रहे हैं। 2012 के चुनाव में वह कांग्रेस के कर्ण सिंह से हार चुनाव गए। वर्ष 2017 में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया। खीमीराम सहित कई बड़े नेताओं को भाजपा ने दरकिनार कर दिया गया। एक सितंबर 2021 को खीमीराम ने अपने समर्थकों की मांग पर एक बैठक आयोजित करके 2022 का चुनाव हर हाल में लड़ने की बड़ी घोषणा की थी। 



1973 से 1993 तक कुल्लू जिले के सरकारी स्कूलों में तैनात रहे 


खीमीराम कुल्लू जिले की पार्वती घाटी के फागू गांव के एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। पांचवीं कक्षा तक की शिक्षा प्राथमिक विद्यालय छरोड़ से ग्रहण की। मैट्रिक के लिए वे हाई स्कूल भुंतर आए और बीए डिग्री कुल्लू कॉलेज से की। यहां उन्होंने राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी और संस्कृत का अध्ययन किया। उन्होंने कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया और हिमाचल प्रदेश के तत्कालीन शिक्षा मंत्री की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया।

कॉलेज में स्टूडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का अध्यक्ष बनकर राजनीति में पहला कदम रखा। बाद में उन्होंने बीएड की पढ़ाई गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन धर्मशाला से की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने टीजीटी का पद प्राप्त किया और 1973 से 1993 तक कुल्लू जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में शिक्षक के तौर पर कार्य किया। 



खीमी राम के आने से और मजबूत होगी कांग्रेस : बुशहरी


 प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता देवेंद्र बुशहरी ने कहा है कि खीमी राम शर्मा के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी। प्रदेश कांग्रेस खीमी राम शर्मा का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रहे खीमी राम एक अनुभवी और सुलझे हुए राजनेता हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जहां ये बात बार-बार कह रहे थे कि कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता उनके संपर्क में हैं। आज ये स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस के नहीं बल्कि भाजपा में अच्छी सोच रखने वाले नेता अपनी सरकार से प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से तंग आकर कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।