चंबा, कांगड़ा में ओलावृष्टि, रोहतांग में बर्फबारी
धर्मशाल। प्रदेश में दो दिन मौसम के तेवर कड़े रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी कर दिया है। बुधवार को दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट बदल ली। इससे किन्नौर, मंडी, शिमला, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा में बारिश व ओलावृष्टि से बढ़ी ठंडक बढ़ गई है। कुल्लू जिले में बुधवार दोपहर बाद रोहतांग र्दे सहित धुंधी जोत, हनुमान टिब्बा, इंद्र किला, चंद्रखणी में फाहे गिरे। लाहुल-स्पीति जिले के लेडी ऑफ केलंग, छोटा व बड़ा शीघ्र ग्लेशियर, कुंजम जोत, बारालाचा व शिंकुला जोत में बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी मनाली-लेह मार्ग की बहाली में बाधा बन गई है।
चंबा जिले में बुधवार को करीब साढ़े चार बजे पर्यटन नगरी डलहौजी के ऊपरी क्षेत्रों डैनकुंड व लक्कड़ मंडी में बर्फबारी तथा डलहौजी व बनीखेत में ओलावृष्टि हुई। भरमौर व पांगी के ऊपरी इलाकों में भी हल्का हिमपात हुआ जबकि चंबा में बारिश हुई। बनीखेत में सड़क पर ओलों की मोटी तह जम जाने से चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब साढ़े चार घंटी आवाजाही ठप रही। कांगड़ा जिले में भी दोपहर बाद बारिश व ओलावृष्टि हुई। इससे सब्जी, मटर व अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है।
उधर, मौसम विभाग ने पांच मार्च को प्रदेश के पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमार में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने, वर्षा व ओलावृष्टि के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। सोलन और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी कर प्रशासन को सचेत रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं छह मार्च को पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन के लिए ऑरेंज अलर्ट और सिरमौर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने, ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

