हिमाचल में सात नए संक्रमित, 74 पहुंचा कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा
शिमला/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से अपने घर लौटने के बाद से कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वीरवार को हिमाचल में कोरोना वायरस के सात और पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें दिल्ली से 4 मई को पांवटा साहिब लौटी 30 वर्षीय महिला, उसकी 7 वर्षीय बेटी, कांगड़ा जिले के घुरकड़ी में मुंबई से नौ मई को लौटी 24 वर्षीय महिला और धर्मशाला के शिला चौक निवासी 57 वर्षीय महिला शामिल हैं। कांगड़ा के घुरकड़ी में सामने आई कोरोना पॉजिटिव महिला मुबंई में सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करती हैं। महिला मुंबई से टैक्सी में आई है। उसके साथ दो और लोग थे, जिनमें एक नादौन का है। महिला उसी दिन से होम क्वारंटीन थी। 12 मई को महिला के सैंपल लिए थे।
उधर, बिलासपुर जिले में देर रात होम क्वारंटीन चल रहे दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें से एक युवक चार दिन पहले करीब 10 लोगों के साथ गुजरात के अहमदाबाद से स्वारघाट लौटा था। प्रशासन ने युवक को एहतियातन क्वारंटीन किया था, लेकिन वीरवार शाम को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रशासन संक्रमित को स्वारघाट से शिफ्ट करने की तैयारी में है। वहीं, दूसरा पॉजिटिव दिल्ली से आए संक्रमित चालक के संपर्क में आया था। उसे श्री नयनादेवी क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है।
हमीरपुर में भी एक संक्रमित
हमीरपुर की ग्राम पंचायत कक्कड़ के सीरी गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह व्यक्ति 12 मई को सामने आए सुजानपुर उपमंडल के बजरोल गांव के संक्रमित व्यक्ति का रिश्तेदार है। उसके प्राथमिक संपर्क के तौर पर एहतियातन इसके नमूने भी जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
26474 लोग निगरानी में
प्रदेश में अब कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या 33 पहुंच गई है। राज्य में अब तक 74 कोरोना पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। कोरोना से दो की मौत हुई है। 35 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। चार लोग हिमाचल से बाहर चले गए हैं। राज्य में अब तक 26474 लोगों को निगरानी में रखा गया। इनमें से 7981 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है और सभी स्वस्थ्य हैं। राज्य में अब तक 14256 लोगों की कोरोना को लेकर जांच की गई है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

