गरीबों और प्रवासी मजदूरों की सहायता के लिए आगे आएं पंचायत प्रधान
शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से सोलन और सिरमौर जिलों के विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों से बातचीत की। उन्होंने प्रधानों से कहा कि वे कोविड-19 के दृष्टिगत अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और प्रदेश सरकार का सहयोग करें। सभी प्रतिनिधि यह भी सुनिश्चित करें कि देश के विभिन्न भागों से वापिस आए लोग होम क्वारंटीन नियमों का उलंघन न करें।
उन्होंने कहा कि प्रधान संस्थानों के मुखिया के तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था का सबमें महत्वपूर्ण अंग हैं। अपने क्षेत्र के विकास और सामाजिक मुद्दों में उनकी सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रधानों को गरीब और प्रवासी मजदूरों को भोजन और आश्रय देने के लिए आगे आना चाहिए। पंचायतों को लोगों को फेस कवर और मास्क प्रदान करना भी सुनिश्चित करना चाहिए।
प्रदेश सरकार कोरोना से लड़ने को तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में देश के विभिन्न भागों से लगभग 1.15 लाख लोग वापिस आए हैं। प्रदेश में वापिस आने के लिए 60 हजार और लोगों ने पंजीकरण करवाया है। देश के विभिन्न भागों से भारी संख्या में लोगों के आने से कोविड-19 मरीजों की संख्या में भी बढ़ौतरी हुई है। एक मई को केवल एक सक्रिय मरीज था, जो बढ़ कर 34 हो गए हैं। प्रदेश सरकार इस स्थिति से लड़ने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। किसी प्रकार डरने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश के लोगों के सहयोग से शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश देश का कोरोना मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि इस स्थिति से निपटने के लिए सभी के संयुक्त प्रयासों का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधान लोगों को होम क्वारंटीन के महत्व के बारे जागरूक करें। कोई भी व्यक्ति होम क्वारंटीन के नियमों की अवहेलना न करें। यदि कोई व्यक्ति क्वांरटीन के नियमों का पालन नहीं करता है तो ऐसा मामला जिला प्रशासन के ध्यान में लाया जाए, ताकि उस व्यक्ति को संस्थागत क्वांरनटीन में भेजा जा सके।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

