हिमाचल में एक दिन में रिकॉर्ड 18 पॉजिटिव, 110 पहुंचा संक्रमितों का आंकड़ा
धर्मशाला/कुल्लू/मंडी। हिमाचल प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया। बुधवार को प्रदेश में मरीजों की रिकॉर्ड तोड़ संख्या सामने आई है। प्रदेश में एक ही दिन में 18 नए मामले सामने आए हैं। इनमें जहां 13 अकेले कांगड़ा जिले के हैं। चार मंडी के और महामारी से अब तक अछूते कुल्लू का एक व्यक्ति भी इसकी चपेट में आ गया है। कुल्लू के आनी के कुठेड़ गांव का एक युवक संक्रमित निकला है, जो 18 मई को मुंबई से लौटा था। लौटते ही उसे ढालपुर स्थित जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में आईसोलेशन पर रखा है।
कांगड़ा जिले के सभी 13 लोग 18 मई को ही मुंबई से लौटे थे। उन्हें परौर स्थित अस्थायी आईसोलेशन सेंटर में रखा गया था। अब इन्हें कोविड केयर सेंटर बैजनाथ शिफ्ट कर दिया है। 14 नए मामले आने के साथ ही प्रदेश में अब तक कुल 110 मामले संक्रमण के आ चुके हैं। प्रदेश में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 55 हो गई है। 52 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
कांगड़ा जिला में सामने आए सभी 13 में से 11 मरीज मुंबई से ट्रेन के माध्यम से कांगड़ा पहुंचे थे। 19 मई को स्वास्थ्य विभाग ने इनके सैंपल जांच के लिए टांडा अस्पताल भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट बुधवार को सुबह चार बजे के बाद आना शुरू हुई है। पहले चरण में सुबह लगभग साढे़ चार बजे पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें धर्मशाला उपमंडल के झयोल गांव से मां-बेटा और उनकी बहू शामिल है।
लंबागांव की महिला और ज्वालामुखी उपमंडल का एक पुरुष शामिल है। दूसरे चरण की रिपोर्ट साढे़ 11 बजे के बाद आई, जिनमें कांगड़ा जिले के छह और लोग पॉजिटिव निकले। इनमें सरीमोलग गांव से पति-पत्नी और उनकी 11 साल की बेटी शामिल है। चढ़ियार के 21 वर्षीय युवक और लंबागांव की आठ साल की बच्ची पॉजिटिव आई है। जयसिंहपुर के बजोट गांव का 41 वर्षीय व्यक्ति 18 मई को चेन्नई से ट्रेन से पठानकोट पहुंचा था।
उसके बाद उसे संस्थागत क्वारंटीन सेंटर ज्वालामुखी में रखा गया था। 19 मई को इसका सैंपल जांच के लिए भेजा था, जो पॉजिटिव निकला। इसके अलावा अप्पर खैरा का 55 वर्षीय चालक दिल्ली से आया था और क्वारंटीन सेंटर ढलियारा में भर्ती था। सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि सभी मरीज बैजनाथ कोविड केयर सेंटर भर्ती कर दिया है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

