ASHA Workers को दो महीने के लिए मिलेगी इतनी प्रोत्साहन राशि
शिमला। हिमाचल सरकार ने प्रदेश की सभी आशा कार्यकर्ताओं (ASHA Workers) को जून-जुलाई माह के लिए दो-दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। हिमाचल प्रदेश में ASHA Workers की संख्या सात हजार से ज्यादा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को शिमला में प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। सीएम ने कहा कि आशा कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने में और होम क्वारंटीन के नियमों का सख्ती से पालन करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
जयराम ने कहा कि प्रदेश सरकार सामुदायिक स्तर पर संक्रमण का फैलाव रोकने में सफल रही है, जिसका श्रेय आशा कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आशा कार्यकर्ताओं की सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अन्य मुख्यमंत्रियों को भी हिमाचल प्रदेश का अनुसरण करने और अपने संबंधित प्रदेशों में इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी के मरीजों की पहचान करने के लिए यह अभियान शुरू करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं ने लोगों को सामाजिक दूरी के महत्त्व के बारे में और संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए फेस मास्क का प्रयोग करने के बारे में जागरूक करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
हिमाचल में अभी स्थिति नियंत्रण में हैः जयराम
जय राम ठाकुर ने कहा कि यद्यपि हमारे देश में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं, पर फिर भी स्थिति नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के 15 सबसे विकसित देशों में 4.65 लाख लोगों की जान कोरोना के कारण गई है, जबकि इन देशों की जनसंख्या 142 करोड़ है, वहीं भारत में 135 करोड़ जनसंख्या होने के बावजूद भी अभी तक कोरोना के कारण 13 हजार 699 मृत्यु दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा समय रहते लिए गए लाॅकडाउन के निर्णय को जाता है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव डॉ. आरएन बत्ता, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. बीबी कटोच, विशेष सचिव स्वास्थ्य डॉ. निपुण जिंदल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

