COVID-19 IN HIMACHAL, 24 नए मामले, 247 पहुंचा आंकड़ा
शिमला। हिमाचल (HIMACHAL) में मंगलवार को कोरोना वायरस (COVID-19) के 24 मामले सामने आए। इसके बाद HIMACHAL में COVID-19 संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 247 हो गई। राज्य में अभी 175 मरीजों का उपचार किया जा रहा है और 67 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं।
संक्रमण के नए मामलों में से 15 हमीरपुर, शिमला और कांगड़ा से 3-3, चम्बा से 2 और ऊना जिले से 1 मामला है। इनमें से 12 लोग हाल ही में राज्य के बाहर से आए हैं। शिमला में जिन तीन व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई वे हाल ही में महाराष्ट्र से लौटे थे।
यह समाचार पढ़ा आपने-CHAMBA में शर्तों पर खुलेंगी बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर
हमीरपुर जिले के चार संक्रमित महाराष्ट्र के ठाणे से 24 मई को ट्रेन में हमीरपुर पहुंचे और संस्थागत संगरोध केंद्रों में रखे गए थे। सोमवार को इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे थे, जोकि मंगलवार को पॉजिटिव आए हैं। कोरोना संक्रमितों की पुष्टि होने के बाद इन चारों को कोविड-19 केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया है। इसके साथ ही हमीरपुर में कोरोना संक्रमित मामलों की संख्या 71 पहुंच गई है। जिनमें से पांच ठीक हो चुके हैं, जबकि एक की मौत हो चुकी है।
कांगड़ा के लंबापट्ट गांव में सात साल के बच्चे सहित तीन पॉजिटिव
कांगड़ा जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में पति-पत्नी और उनका सात साल का बेटा शामिल है। पालमपुर तहसील के गोपालपुर लंबापट्ट गांव के एक परिवार के तीन लोग 20 मई को गुजरात के गांधीनगर से आए हैं। उनके साथ आए दो अन्य लोगों की रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव आ चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तीनों को कोविड केयर सेंटर डाढ शिफ्ट कर दिया है।
चंबा के चुराह के दो युवक संक्रमित, सहारपुर मदरसे में करते हैं पढ़ाई
चंबा से भी देर रात को दो मामले आए। चुराह विधानसभा क्षेत्र के दोनों संक्रमित 20 मई को टैक्सी के जरिए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लौटे थे और सरोल में संस्थागत क्वारंटीन किए गए थे। दोनों सहारपुर में एक मदरसे में पढ़ाई करते हैं। चंबा में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या नौ हो गई। वहीं, ऊना जिले में भी एक और मामला आया है। संक्रमित व्यक्ति 19 मई को दिल्ली से लौटा था। सोमवार को इसका कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया और मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

