हिमाचल में लॉकडाउन-3 खत्म होने के बाद भी बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान
शिमला। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए हिमाचल के सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज लॉकडाउन-3 खत्म होने के बाद भी बंद रहेंगे। सरकारी और निजी स्कूलों में 31 मई तक विशेष छुट्टियां रहेंगी। ऑनलाइन पढ़ाई भी नहीं होगी। सभी स्कूल प्रिंसिपलों को बच्चों को छुट्टियों का होम वर्क देने को कहा गया है। छुट्टियों के बाद बच्चों के टेस्ट होंगे। व्हाट्सएप, दूरदर्शन से भी पढ़ाई नहीं होगी। कॉलेजों में भी 10 जून तक क्लासें नहीं लगेंगी। डिग्री कॉलेजों में हर साल 22 मई से 16 जून तक होने वाली छुट्टियों को कोरोना वायरस को देखते हुए एक सप्ताह पहले 18 मई से 10 जून तक देने के आदेश दिए गए हैं।
कोरोना वायरस से बचाव को लॉकडाउन-4 से पहले ही उच्च शिक्षा निदेशालय ने शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश जारी कर दिए हैं। स्कूलों में हुई दो सप्ताह की विशेष छुट्टियां मानसून और त्योहारों के अवकाश में समाहित होंगी। यानी मानसून सहित दिवाली की छुट्टियां कम हो जाएंगी। डिग्री कॉलेजों सहित संस्कृत, बीएड और हिमाचल विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी कॉलेजों में 22 मई से प्रस्तावित छुट्टियों को सरकार ने एक सप्ताह पहले देने का फैसला लिया है।
छुट्टियां खत्म होते ही शुरू होगा परीक्षाओं का दौर
कॉलेज खुलने के बाद यहां परीक्षाओं का दौर शुरू होगा। स्कूल कब खुलेंगे, इस पर आगामी दिनों में हालात के अनुसार सरकार फैसला लेगी। बीते दिनों हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षा विभाग 31 मई तक स्कूल बंद रखने का प्रस्ताव लेकर गया था। सरकार ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। शनिवार को शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों सहित स्कूल हेडमास्टरों और प्रधानाचार्यों को आदेश जारी कर 18 मई से 31 मई शैक्षणिक संस्थान बंद रखने को कहा है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। सरकार के आगामी आदेशों के तहत ही शिक्षण संस्थान दोबारा खुलेंगे।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

