हिमाचल में छात्रों के लिए 17 अप्रैल से शुरू होगी दूरदर्शन की ऑनलाइन ज्ञानशाला
शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए दूरदर्शन के माध्यम से 10वीं और 12वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ई-लर्निंग और टीचिंग आरंभ करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विद्यार्थियों को 17 अप्रैल, 2020 से हिमाचल दूरदर्शन ज्ञानशाला कार्यक्रम के माध्यम से घर से ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने 10वीं और 12वीं कक्षाओं के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार कार्यक्रम तैयार किया है, जो 17 अप्रैल से प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विभिन्न विषयों पर निरंतर तीन घंटे समय सारिणी के अनुसार चलाया जाएगा। उन्होंने अध्यापकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उचित सामाजिक दूरी का पालन करते हुए इस सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के मद्देनजर लाॅकडाउन अवधि में 9वीं से 12वीं कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए घर से अध्ययन पर आधारित कार्यक्रम ‘लर्निंग फ्राॅम होम-हर घर पाठशाला’ की भी समीक्षा की।
लर्निंग फ्राॅम होम-हर घर पाठशाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का शुभारंभ कोरोना महामारी के मद्देनजर प्रदेश में लगे कर्फ्यू के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई में रूकावट पैदा न हो के उद्देश्य से किया है। विद्यार्थी www.education.hp.gov.in और https//cut.ly/hargharpathshala के माध्यम से घर पर ही ऑनलाइन वीडियो और वर्कशीट देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम 16 अप्रैल, 2020 से जब तक सामान्य रूप से स्कूल नहीं खुलते, तब तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक जारी रहेगा।
व्हाट्सप ग्रुप से मिलेगा होमवर्क
जय राम ठाकुर ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अध्यापकों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर व्हाट्सप ग्रुप द्वारा सभी विद्यार्थियों को प्रतिदिन वीडियो और होमवर्क उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अध्यापकों द्वारा प्रतिदिन होमवर्क चैक किया जाएगा और फीडबैक दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा टीवी/रेडियो/एफएम के माध्यम से भी राज्य के सभी विद्यार्थियों को पढ़ाई सामग्री उपलब्ध करवाने की योजना बनाई जा रही है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

