चंबा के मेधावी छात्रों की करियर काउंसिलिंग करेगा प्रशासन
चंबा। चंबा जिले में 12वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम 65.41 फीसद रहा है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले 13.67 फीसदी अधिक है। पिछले वर्ष परिणाम 51.74 फीसद था। निजी स्कूलों के परीक्षा परिणाम के साथ यह परिणाम 66.51 बनता है। परीक्षा में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों की जिला प्रशासन करियर काउंसिलिंग करेगा। ताकि उन्हें करियर का चुनाव करने के लिए सही मार्गदर्शन मिल सके। यह बात उपायुक्त विवेक भाटिया ने सोमवार को बचत भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
उपायुक्त चंबा विवेक भाटिया ने बताया कि प्रशासन द्वारा परीक्षा मित्र एप तैयार की गई है। ताकि विशेष तौर से क्रिटिकल घोषित स्कूलों के विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन मिले और उनका बेहतर परिणाम भी आए। परीक्षा के दौरान इस बार नकल पर भी पूरा अंकुश लगाया गया था। इस वर्ष कुल 84 नकल के मामले पकड़े गए, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 40 था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिले में विज्ञान संकाय का परीक्षा परिणाम 73.75 फीसदी रहा। पिछले वर्ष यह 54 फीसदी था। इसी तरह कला संकाय का परिणाम पिछले वर्ष 51 फीसदी था, जिसमें इस बार 12.93 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। वाणिज्य संकाय का परीक्षा परिणाम 67.28 फीसदी रहा।
इन स्कूलों ने दिया सौ फीसद परिणाम
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संघणी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोन्देडी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुम्हारका, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नडल और भारतीय पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनीखेत। जिले की दो छात्राओं में टॉप टेन में जगह बनाई है। इनमें 96 फीसद अंकों के साथ वाणिज्य संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंबा की अमरप्रीत जबकि कला संकाय में 96.2 फीसद अंकों के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुलाडा की सविता शामिल है। उपायुक्त ने इन दोनों छात्राओं को बधाई दी और कहा कि वे स्वयं इन दोनों छात्राओं के प्रोत्साहन के लिए उनसे मुलाकात करेंगे।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

