महंगी पड़ी दोस्त के साथ शराब पार्टी, चंबा में तीन और संक्रमित
चंबा। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से सलूणी लौटे दो पॉजिटिव लोगों में से एक की पहले दो साल की बच्ची और अब इलाके के ही तीन और लोग संक्रमण का शिकार हो गए हैं। भड़ेला और खड़जोता निवासी इन तीनों लोगों ने पहले पॉजिटिव आए दो लोगों के साथ मिलकर शराब पी थी। अब इन तीनों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
बद्दी से लौटने के बाद दोनों कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों को होम क्वारंटीन में रहने को कहा गया था, लेकिन इन्होंने सरकार और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर मिलकर शराब पार्टी की थी। इसके बाद बद्दी से लौटे दोनों मरीज रैंडम सैंपलिंग के बाद पॉजिटिव पाए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इनसे आगे चार लोगों में संक्रमण फैल गया।
आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग ने इनके संपर्क में आए सभी लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए पालमपुर भेजे थे। यहां इनमें पहले तो एक व्यक्ति की दो साल की बच्ची संक्रमित पाई गई, जबकि ताजा मामले में तीन अन्य लोग भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बद्दी से दो लोग 30 अप्रैल को चंबा के सलूणी पहुंचे थे। इनके पॉजिटिव आने के बाद इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद सील कर दिया गया था। क्षेत्र में बाहर से आने-जाने वालों के प्रवेश पर रोक है।
सीएमओ चंबा डॉ. राजेश गुलेरी ने कहा कि तीन और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन्हें आयुर्वेदिक अस्पताल बालू में शिफ्ट किया जाएगा। डीसी चंबा विवेक भाटिया ने कहा कि पहले ही पॉजिटिव आ चुके दो लोगों ने इन लोगों के साथ मिलकर शराब पार्टी की थी। इससे ये तीनों भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

