मण्डी में PNB का ATM उखाड़ ले गए चोर, सड़क में छोड़कर फरार
मण्डी। हिमाचल प्रदेश में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश में चोरी का यह अपनी तरह का पहला मामला है। आम तौर पर हिमाचल में एटीएम से लूट होने के मामले एटीएम तोड़कर कैश निकालने की कोशिश की जाती है, लेकिन इसमें तो चोर एटीएम बूथ से मशीन को ही उखाड़ कर ले गए। एटीएम मशीन में सात से आठ लाख रुपये बताए जा रहे हैं। हालांकि चोर इस वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए हैं।
जानकारी के अनुसार मण्डी जिला के करसोग बाजार में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा के एटीएम बूथ की है। शनिवार देर रात को नकाबपोश और मास्क पहने दो से तीन शातिर एटीएम बूथ में घुसे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को टेप लगाकर बंद कर दिया, लेकिन उससे पहले बूथ में दाखिल होते उनकी रिकार्डिंग उसमें हो गई। इसके बाद दो युवकों ने एटीएम को उखाड़ा और उसे उठाकर सड़क पर ले आए।
शातिर एटीएम को उठाकर ले जाना चाहते थे लेकिन उसी समय रात को गश्त दे रहे गृहरक्षकों को इसकी भनक लग गई और वे मौके की ओर आए। उन्हें आता देख शातिर एटीएम को बीच सड़क में छोड़कर भाग गए। गृहरक्षकों ने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बैंक अधिकारियों को सूचना दी। एटीएम बैंक के हवाले करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मशीन की चोरी करने के प्रयास में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है तथा सीसीटीवी फुटेज व अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाकर मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि मशीन को बैंक प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया गया है तथा मामले को सुलझाने के लिए साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
पंजाब नैशनल बैंक करसोग शाखा के प्रबंधक अंकुश सकलानी ने बताया कि बीएनए मशीन बैंक ग्राहकों को अपने खाते में रुपए जमा करवाने व निकालने की सुविधा प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि इस मशीन में तकरीबन 7 से 8 लाख रुपए हो सकते हैं लेकिन बैंक की तकनीकी टीम के करसोग पहुंचने के बाद ही पैसों की सही जानकारी मिल पाएगी।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

