बाल आश्रम की खिड़की तोड़कर फरार युवकों का नहीं लगा सुराग, इतनी टीमें जुटी तलाश में
28 सितंबर मंगलवार की सुबह हमीरपुर के सुजानपुर में स्थित बाल आश्रम की खिड़की तोड़कर तीन लड़के फरार हो गए थे। उसी दिन से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
हमीरपुर। सुजानपुर बाल आश्रम से फरार हुए 3 लड़कों का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। तीनों की तलाश के लिए जिला पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। पुलिस युद्ध स्तर पर तीनों युवकों की तलाश कर रही है। वीरवार को डीएसपी हमीरपुर रोहिन डोगरा, सुजानपुर थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने टीम गठित करके सुजानपुर शहर में सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ मुख्य बाजार एवं अन्य चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला है। पुलिस तीनों से सुराग पता लगाने में जुटी है।
पुलिस टीम ने सिद्धू चौक, डोली चौक, सुजानपुर-पालमपुर मुख्य मार्ग, सुजानपुर मुख्य बाजार में जांच पड़ताल की है। यह तीनों युवकों के फरार होने के तमाम संदेहस्पद रास्तों पर भी गश्त की है। इसके साथ-साथ पुलिस उन लोगों से भी जांच पड़ताल कर रही है, जो इन युवकों को अपनी गाड़ी में बैठा कर कहीं अन्य स्थान पर लेकर तो नहीं गए हों। इसके लिए डीएसपी हमीरपुर ने सुजानपुर में कार्य कर रही ट्राला, टैक्सी एवं ट्रक यूनियन के सदस्यों से बैठक कर उनसे भी जानकारी ली है।
डीएसपी ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर किसी की गाड़ी में यह युवक लिफ्ट लेकर कहीं पर गए हैं, यह किसी ने उन्हें कहीं पर छोड़ा है तो इसकी जानकारी पुलिस के साथ सांझा करें। मुख्य बाजार में व्यापारिक प्रतिष्ठानों में लगे कई सीसीटीवी फुटेज की रिकॉर्डिंग को पुलिस ने कब्जे में लिया है। इससे युवकों के भागने के रास्ते की जानकारी मिल सकती है। इसके साथ प्रदेशभर के थानों में युवकों की फोटो भेजी गई हैं, ताकि कहीं पर वे दिखाई देते हैं तो उनको वहां की पुलिस पकड़ सके।
पुलिस ने बद्दी, बिलासपुर, शिमला, कुल्लू, मनाली ट्रक, टैक्सी एवं ट्राला यूनियन से भी संपर्क किया है। उनसे भी लिफ्ट दिए जाने के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। इससे पहले बुधवार देर शाम को जिला पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा ने भी थाना सुजानपुर का दौरा करके साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने बताया अलग-अलग टीमें गठित करने के साथ-साथ से सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। तमाम यूनियनों से बातचीत करके जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग मांगा है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

