कोर्ट ने कहा-विनय को इलाज की जरूरत नहीं
नई दिल्ली। निर्भया केस में दोषी विनय शर्मा की इलाज की याचिका को पटियाला हाउस कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि तिहाड़ जेल प्रबंधन के मुताबिक विनय की दिमागी हालत ठीक है और उसे इलाज की जरूरत नहीं है। इससे पहले विनय के वकील ने कोर्ट से मांग की थी कि विनय के इलाज का इंतजाम किया जाए। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी के वसंत बिहार इलाके में 16 दिसंबर, 2012 की रात 23 साल की पैरामेडिकल की छात्रा निर्भया के साथ चलती बस में बहुत ही बर्बर तरीके से सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इस जघन्य घटना के बाद पीड़िता को इलाज के लिए सरकार सिंगापुर ले गई थी, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बस चालक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें एक नाबालिग भी शामिल था। इस मामले में नाबालिग को तीन साल तक सुधार गृह में रखने के बाद रिहा कर दिया गया था, जबकि एक आरोपी राम सिंह ने जेल में खुदकुशी कर ली थी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट ने इस मामले में चार आरोपियों पवन, अक्षय, विनय और मुकेश को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी। फास्ट ट्रैक कोर्ट के इस फैसले को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था। अब दोषियों को 3 मार्च को फांसी होनी है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

