ऊना में हमीरपुर के तीन युवकों से 20.32 ग्राम चिट्टा बरामद, कार में थे सवार
ऊना । हिमाचल प्रदेश में नशे का काला कारोबार लगातार फलता-फूलता नजर आ रहा है। रोजाना कहीं न कहीं नशे के बरामद होने की खबर आ रही हैं। इससे साफ है कि प्रदेश में नशा तस्कर अपना पूरा नेटवर्क खड़ा कर चुके हैं। हालांकि पुलिस नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हुई है। मगर प्रयास अभी नाकाम होते दिख रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शनिवार को भी तीन तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह तीनों युवक हमीरपुर के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बंगाणा पुलिस टीम ने डुमखर कस्बे के समीप ही नाकाबंदी की थी। नाकाबंदी की अगुवाई पुलिस थाना प्रभारी प्रेमपाल शर्मा कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम ने एक कार को जांच के लिए रोका। इस कार में तीन लोग सवार थे। कार को रोकते ही कार में सवार एक युवक ने शीशा खोलकर एक हैंडबैग बाहर झाड़ियों में फेंक दिया। इससे पुलिस का तीनों पर संदेह हो गया। पुलिस ने जब बाहर फेंके हैंडबैग की तलाशी ली तो उसमें से चिट्टा बरामद किया गया।
बैग में 20.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) था। इस पर पुलिस ने 37 वर्षीय पवन कुमार, 21 वर्षीय साहिल चौधरी उर्फ मनी और 30 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ रॉकी निवासी बड़सर जिला हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि प्रारंभिक जांच में संतोषजनक जबाव नहीं दे पाए हैं। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि तीनों से पूछताछ के बाद ही पता चल सकेगा कि हेरोइन की खेप कहां से लाई थी और इसका मुख्य माफिया कौन है। उन्होंने कहा तीनों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

