पालमपुर की नगरी में दराट से काट कर व्यक्ति की हत्या
नगरी। पालमपुर की नगरी पंचायत के गांव भसमेहड़ में एक व्यक्ित की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना मंगलवार रात 9 बजे के आसपास की है। मृतक की पहचान अशोक वालिया के रूप में हुई है, जबकि हत्या करने वाला चतरू झारखंड का रहने वाला है। आरोपित ने पुलिस के सामने गुनाह कबूल कर लिया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम नगरी पंचायत के भसमेहड़ गांव के चाय के बागान स्थित किराये के कच्चे घर में अशोक वालिया और चतरू बैठे थे। इस दौरान दोनों में किस बात को लेकर बहस हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि चतरू ने दराट से अशोक के सिर के पीछे तीन प्रहार कर दिए, इसके बाद भी जब चतरू को लगा की वह अभी जिंदा है तो एक बड़ा पत्थर उसके सिर पर दे मारा। इस दौरान एक महिला भी चतरू के घर में मौजूद थी। इस सबके बीत जाने के बाद रजेहड़ निवासी तिलक राज जब वहां पहुंचा तो उसने अशोक के सिर से खून बहता देखा तो दंग रह गया। ऐसे में चतरू ने तिलक राज को भी जान से मारने की धमकी दी, जिसे सुन तिलक राज भाग खड़ा हुआ और उसने तुरंत फ़ोन कर एंबुलेंस बुला ली।
एंबुलेंस को घटना स्थल तक पहुंचने में समय लग गया, क्योंकि ये जगह गांव से ऊपर चाय बगीचे के समीप है। एंबुलेंस वहां पहुंचती की चतरू और महिला वहां से फरार हो चुके थे। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अशोक वालिया को मृत पाया और थोड़ी ही देर में पालमपुर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। रातभर पुलिस कर्मी, स्थानीय पंचायत के उपप्रधान चंचल कुमार, मृतक का बेटा निखिल वालिया व अन्य स्थानीय लोग घटना स्थल पर मौजूद थे।
सुबह करीब 11 बजे डॉक्टर एसके पॉल के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम धर्मशाला से घटनास्थल पर पहुंची। जांच में पाया कि अशोक वालिया की मौत सिर पर पीछे की तरफ लगातार तेजधार हथियार के वार से हुई है। 12 बजे के करीब डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मर्डर केस का आरोपी चतरू गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कबूल कर लिया कि उसने तीन बार सिर के पीछे दराट से वार करने के बाद एक बड़ा पत्थर सिर पर मारा था।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

