शाहपुर में तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत
शाहपुर। जिला कांगड़ा के शाहपुर क्षेत्र में बुधवार को एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा पठानकोट-मण्डी राष्ट्रीय राजमार्ग पर द्रमन गांव के पास हुआ है। घटना के बाद दोनों घायलों को शाहपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार (HP54B 7797) तेज रफ्तार से जा रही थी। इस दौरान सड़क के किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। इतने जोर से टक्कर लगी कि एक व्यक्ति की गिरते ही मौत हो गई। जबकि टक्कर में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तीन को नागरिक अस्पताल शाहपुर पहुंचाया, यहां से उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कार की टक्कर से जाने गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान रविंद्र कुमार (51) निवासी बलाना तहसील सिहुंता जिला चम्बा के रूप में की गई है। देशराज निवासी बरयाल डाकघर सद्दू तहसील शाहपुर और तरसेम पुत्र चुन्नीलाल निवासी खरोटा (ज्वाली) घायल हो गए। उन्हें शाहपुर में उपचार देने के बाद टांडा रेफर कर दिया हैं। वहीं, पुलिस ने टक्कर मारने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

