हिमाचल की बेटी रेणुका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिखाएगी दमखम
हिमाचल प्रदेश की एक और बेटी भारतीय महिला क्रिकेट टीम में दमखम दिखाएगी। शिमला की रेणुका सिंह ठाकुर (Renuka Singh Thakur) टीम इंडिया का हिस्सा होंगी। इससे पहले शिमला की ही सुषमा ठाकुर का चयन टीम इंडिया में हुआ था। रेणुका सिंह ठाकुर (Renuka Singh Thakur) को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने जा रही टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। पहली बार रेणुका किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए चुनी गई हैं।
रेणुका का जन्म शिमला जिले के रोहडू के पारसा गांव में हुआ है। रेणुका तीन साल की थी तो उनके पिता का निधन हो गया था। अब वह अपने पिता का सपना पूरा करने जा रही हैं। पिता केहर सिंह चाहते थे कि उनकी बेटी क्रिकेटर बने। मीडिया से बातचीत में रेणुका ने बताया कि यह उनके लिए काफी भावुक क्षण हैं। उनके पिता को क्रिकेट से काफी प्यार था। वह विनोद कांबली के बड़े फैन थे। वे मुझे ऊपर से देख रहे होंगे।

तीन साल की उम्र में पिता को खोया
न्यूज-18 के अनुसार रेणुका के पिता का निधन 1999 में हो गया था। इसके बाद रेणुका की मां को नौकरी मिली और उन्होंने ही बच्चों का पालन पोषण किया। रेणुका इस समय बंगलूर में हैं। उन्होंने रोहड़ू में ही क्रिकेट खेलना शुरू किया और बाद में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोशिएसन की धर्मशाला अकेडमी के लिए चुनी गईं। रेणुका तेज गेंदबाज हैं और एचपीसीए के कोच पवन सेन से उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखी हैं। सन 2019 में रेणुका ने बीसीसीआई महिला वन-डे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 23 विकेट हासिल किए थे। इसी साल उसका चयन भारतीय महिला टीम-ए के लिए हुआ था।
सुन्नी की सुषमा भी रह चुकी हैं टीम का हिस्सा
रेणुका से पहले दो हिमाचली महिला खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं। शिमला के ही सुन्नी की सुषमा वर्मा भी भारतीय महिला टीम में खेल चुकी हैं। वह विकेटकीपर थी। सुषमा ने महिला विश्व कप में हिस्सा लिया था। इसके अलावा हरलीन देओल हिमाचल रणजी टीम से खेलने के बाद इंडियन टीम का हिस्सा रही हैं। हालांकि वह चंडीगढ़ के मोहाली से हैं।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

