हिमाचल में एक साथ 16 शिक्षक कोरोना संक्रमित, शिक्षा मंत्री बोले-स्कूल खोलने की जल्दी नहीं
हिमाचल प्रदेश में बच्चों के लिए स्कूलों को खोलने की उम्मीद पर फिर पानी फिरता नजर आ रहा है। दरअसल हिमाचल प्रदेश के एक निजी स्कूल में एक साथ 16 शिक्षक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह स्कूल ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में हैं। बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल के पूरे स्टाफ की शुक्रवार को कोरोना जांच की गई थी। इसमें 16 शिक्षक कोरोना संक्रमित मिले हैं। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। उधर, शिक्षकों के कोरोना संक्रमित आने के बाद हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार स्कूलों को खोलने में जल्दबाजी नहीं करेगी। प्रदेश में कोरोना संक्रमण घटने होने पर ही स्कूल खोले जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि स्कूल खुलने से पहले ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूलों में कोरोना टेस्ट करने शुरू कर दिए हैं, ताकि छात्रों को संक्रमण से बचाया जा सके। यदि कोरोना के मामलों में ऐसी ही वृद्धि होती रही तो स्कूल खोलने संभव नहीं होंगे। स्वास्थ्य खंड गगरेट की नोडल अधिकारी डॉ. सुमन ने बताया कि एक निजी स्कूल के 16 शिक्षक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अभी और भी टेस्ट लिए जाएंगे और उनकी हिस्ट्री भी देखी जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि 14 सितंबर तक स्कूलों को विद्यार्थियों के लिए बंद रखा गया है। आजकल नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षाएं जारी हैं। जल्द इस बाबत फैसला लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लिए कई जमीनी प्रयास किए हैं। हितधारकों तक पहुंचने के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में कार्यशालाएं हो चुकी हैं। 13 सितंबर को सोलन में होगी। सितंबर में सभी जिलों में इसे पूरा किया जाएगा। कार्यशालाओं में मिलने वाले सुझावों पर अमल किया जाएगा। ब्लाक स्तर पर भी इन कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। उधर, प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर ऑनलाइन पढ़ाई करवाने वाले एसएमसी शिक्षकों का वेतन जारी करने को कहा है। शिक्षा निदेशक ने बताया कि एसएमसी शिक्षक संघ की ओर से शिकायत दी गई है कि कई स्कूलों में जुलाई का वेतन नहीं दिया गया है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

