भारत-पाक सीमा के करीब बनेगा अरुण जेटली स्पोर्ट्स कांप्लेक्स
जम्मू। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से पांच किलोमीटर दूर हीरानगर सेक्टर में पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री दिवंगत अरुण जेटली की याद में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का नींव पत्थर शनिवार को दिल्ली से ऑनलाइन रखा। करीब 270 कनाल भूमि में बनने वाले कांप्लेक्स के निर्माण का पूरा खर्च केंद्र सरकार उठाएगी।
केंद्र ने इसकी पहली किस्त 60 करोड़ के रूप में जारी कर दी है। 200 करोड़ की लागत से बनने वाले कांप्लेक्स को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू, स्थानीय सांसद व प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की उपस्थिति में 12 बजे दिल्ली ऑनलाइन नींव पत्थर रखा गया। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी सहित काफी संख्या में खेल स्पर्धाएं होंगी।
स्टेडीयम के निर्माण कार्य में, वर्क क्वॉलिटी में किसी तरह का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। pic.twitter.com/2LmIzM6vE5
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) September 13, 2020
ऑनलाइन नींव पत्थर रखने के दौरान हीरानगर में अरुण जेटली स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण स्थल पर प्रशासनिक अमले के अलावा काफी संख्या में युवा और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
जम्मू के मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने कहा कि यहां के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का भरपूर मौका मिलेगा। क्योंकि केंद्र ने बड़ी ढांचागत खेल सुविधा उपलब्ध करवाई है। उन्होंने युवाओं से खेल प्रतिभा निखारने के लिए स्टेडियम का लाभ लेने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि दिवंगत अरुण जेटली का हीरानगर से गहरा रिश्ता रहा है। यहां के पूर्व सांसद एवं जम्मू कश्मीर के वित्त मंत्री रह चुके स्वर्गीय गिरधारी लाल डोगरा के दामाद थे। इसलिए हीरानगर के लोगों को केंद्र सरकार ने उनके दामाद की याद में बनाए जा रहे स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सौगात दी है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

