हाय री महंगाई; हिमाचल में कांग्रेस सड़कों पर उतर आई, निकाली रोष रैली

विधायक लखनपाल ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आपका काम पूरा हो चुका है। प्रदेश आप से चल ही नहीं रहा है। 2022 में कांग्रेस पूरे जोश के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।
 | 
हमीरपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन।

बड़सर। जनता महंगाई से त्रस्त है और केंद्र सरकार चेन की बंसी बजा रही है। पेट्रोल डीजल खाद्य तेल अनाज़ उर्वरक सबके दाम आसमान छू रहे हैं, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। प्रदेश व देश की सरकार होडिंग तथा बोर्डिंग पर हजारों करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। लेकिन दोनों सरकारों के पास कोरोना काल में मौत का शिकार हुए परिवारों की आर्थिक मदद करने के लिए धनराशि नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह आरोप बड़सर विस क्षेत्र के विधायक इंद्रदत लखनपाल ने रोष रैली के दौरान लगाए। 

विधायक लखनपाल ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आपका काम पूरा हो चुका है। प्रदेश आप से चल ही नहीं रहा है। 2022 में कांग्रेस पूरे जोश के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा प्रदेश भाजपा सरकार ने उपचुनाव से पहले ही हार मान ली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को बनाने के लिए कांग्रेस ने कुर्बानियां दी हैं। लखनपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार हर तरफ  से फेल है। किसानों को सही दाम नहीं मिल रहे हैं, बेरोजगारों को नौकरियां नहीं देश गुलामी की ओर जा रहा है। एक तानाशाह व्यक्ति देश का नेतृत्व कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बहुत जल्दी उसका पर्दाफाश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरी है, कानून व्यवस्था चरमराई है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे कर्मचारी आपस में ही लड़ रहे हैं। प्रदेश सरकार कर्मचारियों को प्रताडि़त कर रही है, यह सरकार हर तरफ  से फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में प्रदेश में जयराम सरकार का जाना व देश में मोदी का जाना तय है। कांग्रेस पार्टी अब पूरे जोश के  साथ चुनाव में उतरेगी तथा हर जगह भारतीय जनता पार्टी का सुपड़ा साफ  करेगी। 

इससे पूर्व बड़सर कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के नेतृत्व में बिझड़ी बाजार में रोष रैली निकाली व प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस रैली में मातृशक्ति ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।इस अवसर पर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र प्रभारी कमल पठानिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रजिंद्र जार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केवल धीमान,  जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चौधरी,  कांग्रेसी नेता पवन कालिया, नरेश लखनपाल, बिझड़ी बार्ड जिला परिषद सदस्य मीना कुमारी, कांग्रेसी नेत्री ऊषा लखनपाल सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।  

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।