पांच दिन हिमाचल प्रवास पर रहेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, साथ होंगे 20 रिश्तेदार

राष्ट्रपति 16 से 20 सितंबर तक शिमला के प्रवास पर रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी और करीब 20 रिश्तेदारों के आने की संभावना है। इसको देखते हुए सरकार तैयारियों में जुट गई है।

 | 
ram nath covind

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पांच दिन के हिमाचल प्रवास पर आ रहे हैं। उनके शिमला आने को लेकर प्लान तैयार हो चुका है। वहीं, राष्ट्रपति निवास (रिट्रीट) में तैनात कर्मचारियों का RT-PCR टेस्ट करवाया जाएगा। राष्ट्रपति के यहां पहुंचने से 24 घंटे पहले इन कर्मचारियों का कोविड टेस्ट करवाया जाएगा। राष्ट्रपति 16 से 20 सितंबर तक शिमला के प्रवास पर रहेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी और करीब 20 रिश्तेदारों के आने की संभावना है। इसको देखते हुए सरकार तैयारियों में जुट गई है।


किसी तरह की कोई कमी राष्ट्रपति और उनके मेहमानों की खातिरदारी में न रह जाए, इसको लेकर लगातार बैठके की जा रही हैं। जिला प्रशासन यह भी देख रहा है कि रिट्रीट में कितने कर्मचारियों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। सचिवालय में इस संबंध में प्रशासन सचिव देवेश कुमार की अध्यक्षता में बैठकों का दौर जारी है। इससे पहले मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह और देवेश कुमार दोनों रिट्रीट का दौरा करके तैयारियों का जायजा भी ले चुके हैं। किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश हैं।


प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने जरूरी निर्देश जारी किए हैं। राष्ट्रपति सचिवालय को निर्देश दिए गए हैं कि राष्ट्रपति को कोई भी फूल, शॉल, टोपी या अन्य उपहार भेंट नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति और उनके स्वजनों के लिए भोजन पकाने के लिए दिल्ली राष्ट्रपति भवन से ही लोग आएंगे। राष्ट्रपति भवन से प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की एक टीम भी साथ आएगी।


मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को हिमाचल आने का दिया न्योता

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार नई दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की है। उन्होंने राज्य की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश में होने वाले विशेष विधानसभा सत्र को संबोधित करने के लिए राष्ट्रपति को हिमाचल आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को सूचित किया कि सरकार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य भर में स्वर्णिम हिमाचल समारोह आयोजित कर रही है। क्योंकि राज्य इस वर्ष 25 जनवरी को 50 वर्ष का हो गया है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में वर्ष भर चलने वाले समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार और मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह उपस्थित थे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।