कांग्रेस ने सैनिकों को रेपिस्ट कहने वाले को बनाया हिमाचल में स्टार प्रचारक

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों को दूसरे प्रदेशों से बुलाया है। उन्हें हिमाचल के नेताओं पर भरोसा ही नहीं है।

 | 
jairam thakur

सोलन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को अर्की में विपक्ष पर खूब हमले बोले। उन्होंने विपक्ष पर कई तीर साधे और कांग्रेस के स्टार प्रचारकों, खास तौर पर कन्हैया कुमार को आड़े हाथ लिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में उस व्यक्ति को स्टार प्रचारक बनाया गया है जो सेना के जवानों को रेपिस्ट कहता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दाड़लाघाट में भाजपा प्रत्याशी रत्न सिंह पाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।


जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों को दूसरे प्रदेशों से बुलाया है। उन्हें हिमाचल के नेताओं पर भरोसा ही नहीं है। कांग्रेस में भविष्य देख कर कन्हैया और सिद्धू उस पार्टी में गए थे, लेकिन कांग्रेस की हालत और खराब हो गई। उन्होंने कहा कि जिस सिद्धू ने राहुल गांधी को पूरे देश में पप्पू नाम लेकर प्रसिद्ध किया, उसी पार्टी में वो चले गए और कांग्रेस ने भी उन्हें ले लिया। जिस पार्टी का देश में कुछ नहीं बचा, उसे बचाने के लिए वो कन्हैया आया है जिस पर ये कहने का आरोप लगा कि भारत तेरे टुकड़े होंगे। 


सीएम ने कहा कि कांग्रेस की यही दशा हिमाचल में हो गई है, आज इन्हें मालूम ही नहीं कि इनका नेता कौन है। मंडी में नॉमिशनेशन के दौरान आपस ही ये लोग आगे होने के लिए एक-दूसरे को धक्का देते रहे। सीएम ने कहा कि हिमाचल के लोग देवतुल्य हैं, वे एक-दूसरे का सम्मान करते हैं। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने मुख्यमंत्री के गृह जिला में जाकर मुख्यमंत्री को ही गाली देने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ नेता थे। वो मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता, केंद्रीय मंत्री और अन्य दायित्वों का निर्वहन कर इस मुकाम पर पहुंचे थे। पिछली बार वो अर्की से जीत कर विधानसभा पहुंचे। आज वो हमारे बीच में नहीं है। अर्की विधानसभा क्षेत्र में विकास के बहुत से काम करने की आवश्यकता है। वीरभद्र सिंह को यहां से विधायक बनने के बाद शायद यहां आने का कम ही वक्त मिल पाया। जिस तरह आप लोग उम्मीद करते थे, वो स्वास्थ्य के कारण आपके बीच नहीं आ सके।  


सीएम ने कहा कि कोविड के कारण हम आप लोगों के बीच नहीं आ सके तो वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि कोविड के बावजूद हमने यहां करोड़ों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। यदि कोविड नहीं होता तो ये आकंड़ा कहीं ज्यादा होता। जयराम ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग प्रचार कर रहें हैं कि घोषणा हुई है काम नहीं हुए हैं। हिमाचल में हमने कहीं भी कुछ कहा है तो सब पूरा किया गया है। एक-एक वादा पूरा किया जाएगा। उस वादे को पूरा करने का आनंद तब आएगा जब यहां विधायक सरकार के साथ चलने वाला विधायक हो।

Tags

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।