जुब्बल-कोटखाई में टूटा भाजपा परिवार, सामूहिक इस्तीफों की भरमार

भाजपा मंडल, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष सहित सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी से त्याग पत्र दे दिया है।

 | 
BJP SC MORCHA चंबा टीम की घोषणा, इन्हें मिली जगह

उपचुनावों के लिए मतदान होने से पहले हिमाचल भाजपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हिमाचल की तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के बीच जहां पार्टी की अंतर्कलह खुलकर सामने आ रही है, वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की नाराजगी भी साफ दिखने लगी है। एक दिन पहले ही कांगड़ा के फतेहपुर विस क्षेत्र से टिकट के दावेदार रहे कृपाल परमार ने भाजपा संगठन मंत्री को इशारों-इशारों में धैर्य रखने को कहा था तो वहीं शुक्रवार को जुब्बल-कोटखाई में भाजपा में सामूहिक इस्तीफों की झड़ी लग गई। जुब्बल-कोटखाई में भाजपा का कुनबा पूरी तरह से बिखर गया है।


जुब्बल-कोटखाई के पूर्व विधायक नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद सीट खाली चल रही थी। यहां से चेतन बरागटा को टिकट का दावेदार माना जा रहा था। मगर उनको टिकट न देकर नीलम सरैईक को टिकट दिया गया। चेतन बरागटा का टिकट कटने से नाराज भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए हैं। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पूरी कार्यकारिणी सहित अपना त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। इसके साथ ही युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा और भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष सहित सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी से त्याग पत्र दे दिया है।

बता दें कि चेतन बरागटा निर्दलीय चुनावी अखाड़े में उतर गए हैं। इसके बाद वीरवार को चेतन को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। इससे नाराज भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक ने पूरी कार्यकारिणी सहित अपना त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। महिला मोर्चा अध्यक्ष नैना तनेटा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जतिन चौहान, किसान मोर्चा अध्यक्ष मनोज सुंटा ने कई पदाधिकारियों सहित त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया। इसके अतिरिक्त भाजपा के बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों में इस्तीफे देने की होड़ लग गई है। फेसबुक पर पोस्ट डालकर सभी अपने पदों से त्यागपत्र दे रहे हैं।  

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।