Snowfall : लाहौल-स्पीति और किन्नौर के रिहायशी इलाकों में बर्फबारी

लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, चंबा, मंडी व और शिमला जिले की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
 | 
photo

शिमला ।   हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल दी है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू, किन्नौर, चंबा, मंडी व और शिमला जिले की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला में भी बुधवार सुबह से ही मौसम खराब बना रहा। बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 10 नवंबर को भी बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है।  11 नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।


 

वहीं मनाली से बर्फबारी देखने की चाह में कोकसर पहुंचे सैलानी बर्फ के फाहों को देखकर झूम उठे। सैलानियों ने यहां पर बर्फ का खूब आनंद लिया। अटल टनल के समीप और धुंधी में भी बर्फबारी हुई है। रोहतांग में करीब आधा फीट बर्फबारी हुई है। इसके चलते पर्यटकों की आवाजाही बंद कर दी गई है। अटल टनल भी पर्यटकों के लिए बंद हो गई है।   बुधवार को रोहतांग दर्रा सहित जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के रिहायशी इलाकों में ताजा हिमपात हुआ है।

बर्फबारी के बाद घाटी में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। सुबह से ही मनाली व लाहौल में मौसम खराब बना हुआ था। लेकिन पर्यटक अटल टनल रोहतांग होकर पहुंचे।   बर्फबारी का दौर शुरू होने जाने के बाद यहां सैलानियों ने कुछ समय तक मस्ती की। इसके बाद सैलानी मनाली की तरफ लौट गए। बर्फबारी के चलते कई बार सड़कों में वाहनों के स्किड होने का खतरा बना रहता है। जब बर्फबारी शुरू हुई तो सुरक्षा के लिहाज से पर्यटक वाहनों को अटल टनल के गुफा होटल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।

photo

वहीं घाटी के तोद, चंद्रा और गाहर में बर्फबारी का दौर रहा। कोकसर, सिस्सू, गोंधला, खंगसर, रंगयोग बरयोग, छीका रारिक, दारचा, योचे और अनेक रिहायशी क्षेत्रों में भी बर्फबारी के बाद लोग घरों में दुबक गए हैं।   हालांकि, नवंबर के दूसरे सप्ताह में हुई बर्फबारी को देखकर पर्यटन कारोबारी गदगद हैं। ताजा बर्फबारी के बाद देश व विदेश के पर्यटक पहाड़ों पर बिछी सफेद चांदी का दीदार करने के लिए आएंगे। जिसका फायदा मनाली व लाहौल-स्पीति के पर्यटन कारोबारियों को मिलेगा।   वहीं शिमला जिले के चांशल पास में भी हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बीच पोलिंग पार्टियां डोडरा क्वार क्षेत्र के लिए रवाना हुईं।   किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले भागों में भी बर्फबारी दर्ज हुई है। छितकुल व अन्य भागों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। जिले के कई भागों में बारिश हो रही है। 

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.2, सुंदरनगर 11.3, भुंतर 10.5, कल्पा 2.6, धर्मशाला 13.2, ऊना 12.8, नाहन 14.3, केलांग माइनस 0.3, पालमपुर 11.5, सोलन 10.4, मनाली 7.8, कांगड़ा 13.8, मंडी 11.7, बिलासपुर 12.5, हमीरपुर 14.5, चंबा 11.1, डलहौजी 8.5, कुफरी 6.5, कुकुमसेरी 0.2, नारकंडा 5.0, रिकांगपिओ 6.9 और सराहन में 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।