Himachal : परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से हिमाचल में चुनावी शंखनाद करेंगी प्रियंका गांधी

सोलन के ठोडो मैदान में 14 अक्तूबर को होने वाली रैली को कांग्रेस ने परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली का नाम दिया है। इसमें शिमला, सोलन और सिरमौर जिले से कार्यकर्ताओं को लाने का नेताओं को जिम्मा सौंपा गया है।
 | 
photo

शिमला  ।   अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से हिमाचल में चुनावी शंखनाद करेंगी। 14 अक्तूबर को सोलन के ठोडो मैदान में होने वाली रैली को कांग्रेस ने परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली का नाम दिया है। इसमें शिमला, सोलन और सिरमौर जिले से कार्यकर्ताओं को लाने का नेताओं को जिम्मा सौंपा गया है। सभी पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और पूर्व विधायकों को भी रैली में मौजूद रहना जरूरी किया गया है।  रैली में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मंगलवार को दिल्ली से शिमला लौट आई हैं।

सड़क मार्ग से आते हुए प्रतिभा सिंह ने कुछ देर सोलन में रुक कर रैलियों की तैयारियों का जायजा भी लिया। कांग्रेस की चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार को नादौन और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री हरोली में रहे। गुरुवार को सुक्खू और मुकेश सहित पार्टी के अधिकांश बड़े नेताओं के शिमला पहुंचने के आसार हैं। पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला 14 अक्तूबर को सोलन ही आएंगे। प्रियंका गांधी की रैली से पहले वीरवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में पार्टी के बड़े नेताओं की एक बैठक होने की संभावना भी है।


सोलन रैली को लेकर  शिमला में होगी तैयारियों की समीक्षा  


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रियंका गांधी की 14 अक्तूबर को सोलन में होने वाली रैली की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बुधवार को शिमला जिले के कांग्रेस अध्यक्ष, शिमला शहरी व ग्रामीण व शिमला जिला के सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ रैली की रणनीति बनाई ।   

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।