Breaking News : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने संभाला कार्यभार

हिमाचल प्रदेश  के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू  व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री  ने  सुबह राज्य सचिवालय  स्थित अपने- अपने कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाल कर कामकाज की शुरुआत की। मुख्यमंत्री के सचिवालय पहुंचने पर महिला पुलिस  की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर  दिया। 
 | 
CM Sukhwinder Singh Sukhu photo

शिमला ।  हिमाचल प्रदेश  के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू  व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री  ने सोमवार सुबह राज्य सचिवालय  स्थित अपने- अपने कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाल कर कामकाज की शुरुआत की। मुख्यमंत्री के सचिवालय पहुंचने पर महिला पुलिस  की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर  दिया। मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि एक गरीब परिवार का व्यक्ति भी मुख्यमंत्री बनेगा, यह उन्होंने कभी सोचा नहीं था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पूरी पारदर्शिता से काम करेगी। पार्टी हाईकमान से चर्चा के बाद जल्द मंत्रिमंडल का गठन होगा। मंत्रिमंडल में युवाओं और वरिष्ठ विधायकों का समावेश होगा।

सुक्खू ने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल किया जाएगा। कांग्रेस की सभी गारंटियों को आने वाले समय में लागू किया जाएगा। उनकी सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए काम करेगी। भ्रष्टाचार   को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार रोकने के लिए सरकार जीरो टॉलरेंस नीति  पर काम करेगी। इसके लिए जल्द ट्रांसपेरेंसी एक्ट  लाया जाएगा। पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के अनुभवों से सीख लेकर सरकार को चलाएंगे।

सुक्खू प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री बने हैं। वहीं मुकेश अग्निहोत्री पहले उप मुख्यमंत्री बने और वह सचिवालय के कमरा नंबर 215 में बैठे। प्रदेश में पहले उप मुख्यमंत्री नहीं था। ऐसे में सचिवालय में उप मुख्यमंत्री का पहले से चिन्हित कमरा नहीं है। अग्निहोत्री वर्ष 2012 से 2017 तक तत्कालीन वीरभद्र सिंह   सरकार में उद्योग मंत्री रहते हुए भी इसी कमरे में बैठते थे और इस बार उन्होंने उप मुख्यमंत्री बनने पर भी इसी कमरे को चुना है। बता दें कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री ने पिछले कल रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित भव्य समारोह में शपथ ग्रहण की थी। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस मौके पर राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वरिष्ठ राष्ट्रीय कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल और आनंद शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला, जितेंद्र बिट्टू और सचिन पायलट, मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के परिजन, विधायकगण, कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता, वरिष्ठ अधिकारी तथा हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग भारी संख्या में उपस्थित थे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।