हिमाचल विस चुनाव : सरकार बदलने की परंपरा अच्छी, हिमाचल इसे कायम रखे, मंडी में गरजीं प्रिंयका

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि पहली कैबिनेट में ओपीएस व एक लाख पदों पर नियुक्ति किया जाना तय होगा।
 | 
photo

मंडी । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंडी के पड्डल मैदान में कांग्रेस रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जिस सरकार ने काम नहीं किया है, उसे बदलने की परंपरा अच्छी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी के पड्डल मैदान में कांग्रेस रैली के लिए पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा हिमाचल के लोग खुद्दार हैं। अपना अच्छा बुरा अच्छी तरह समझते हैं, इसलिए जो लोग यह कह रहे हैं कि परंपराएं सही नहीं हैं, वह गलत बोल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश अध्यात्मिक सांस्कृतिक और लोग नीति का प्रदेश है। यहां अच्छी परंपराओं को नहीं बदला जाता है। 

इसलिए हिमाचल में सरकार बदलने की परंपरा अच्छी है। इसे हिमाचल की जनता कायम रखें। इससे नेताओं को भी सीखने का मौका मिलता है, जिसने काम नहीं किया उसे 5 साल बाद बदला जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश की जनता जब मतदान करने जाए, तो याद रखे कि 5 सालों में इस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को क्या दिया है। इससे पहले प्रियंका गांधी ने अपनी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी को उनकी पुण्य तिथि पर याद किया और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मेरी दादी का हिमाचल प्रदेश के साथ आध्यात्मिक और प्रेम का रिश्ता था।

हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का तोहफा उन्होंने शिमला पहुंच कर बर्फ के गिरते फ़ाहों के बीच दिया था, तो कुछ लोग कह रहे थे कि हिमाचल नहीं चल पाएगा। प्रदेश में भाजपा के रिवाज बदलने के नारे पर पलटवार करते हुए उन्होंने जयराम सरकार को खूब घेरा। कहा कि स्वार्थ की राजनीति के लिए परंपरा बदलने को कहा जा रहा है। हिमाचल में पांच साल बाद सरकार बदलने की परंपरा अच्छी है। आप परंपरा को मत बदलिए। इस परंपरा से नेता सीखता है। उसे समझ में आता है कि उसके पास पांच साल हैं। अगर कोई काम नहीं किया तो जनता खदेड़ देगी।  

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल और इंदिरा गांधी ने देश को जोड़ने का काम किया। इंदिरा का हिमाचल से अध्यात्म, प्रेम और स्नेह का रिश्ता था। गांव-गांव में मेरी दादी की बातें होती हैं। उनके गुजरने के बाद देश की राजनीति बदल गई है। आज की राजनीति में पैसा, स्वार्थ का बोलबाला है।  हिमाचल के पास पैसा नहीं है और इन लोगों ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का विरोध किया था, लेकिन आज आप सब की मेहनत से हिमाचल प्रदेश कहां तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि आज भी लोग मेरी दादी इंदिरा गांधी को याद करते हैं, जिसकी वजह प्यार, प्रेम, समर्पण और बलिदान है, लेकिन आज की राजनीति में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है जो आज की राजनीति में कम ही दिखता है। आज की राजनीति में पैसेबाजी, मीडियाबाजी, झूठ का बोलबाला है।

प्रियंका गांधी ने कहा हिमाचल की जनता अपने अनुभव पर चले। बड़े बड़े नेता यहां से हैं, लेकिन हिमाचल के युवाओं को क्या मिला है। जयराम ठाकुर ने अपने क्षेत्र में काम किया होगा, लेकिन युवाओं के लिए क्या क्या किया। किसी को रोजगार नहीं दिया है। 63 हजार नौकरियां खाली पड़ी हैं। महंगाई से मारा जा रहा है। दूध ब्रेड तक महंगे जीएसटी से महंगे कर दिए। सेब के गत्ते पर पर जीएसटी लगा दिया। फसल के दाम किसान तय नहीं कर पा रहे हैं। सेब टमाटर के दाम सही नहीं मिल रहे हैं। सडक़ों की हालत बुरी है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने तो कर्मचारियों की पेंशन छीन ली। ऐसे लोगों को पांच साल और देकर कर क्या करेंगे। अपने अनुभव से काम लें।

पांच साल में पांच लाख रोजगार देंगे

सोलन के बाद मंडी में भी प्रियंका ने दोहराया कि हिमाचल प्रदेश में ओपीएस (ओल्ड पेंशन स्कीम) देंगे। सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। पहली कैबिनेट में ओपीएस व एक लाख पदों पर नियुक्ति किया जाना तय होगा। पांच साल में पांच लाख रोजगार देंगे। 680 करोड़ का स्टार्ट अप फंड और जीरो फीसदी ब्याज पर ऋण देंगे। भाजपा सरकार के कार्यकाल में सरकारी विभागों में 63,000 पद खाली हैं, लेकिन किसी को रोजगार नहीं मिला। अग्निवीर योजना युवाओं से खिलवाड़ है। यहां हर भर्ती में घोटाला किया गया है।

 

मंडी के भ्रष्ट वजीर से की भाजपा नेताओं की तुलना

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में मंडी रियासत में भ्रष्ट वजीर नरोत्तम का जिक्र किया। भाजपा नेताओं की उससे तुलना कर तंज कसा कि 1862 में भ्रष्ट वजीर नरोत्तम थे। वह गलत तरीके से लगान वसूलते और अंत में उन्हें जनता ने उखाड़ फेंका। आज की राजनीति भी वैसी ही है। ऐसे में सोच समझ कर निर्णय लें। उन्होंने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री को ही ले लीजिए। अपने विधानसभा क्षेत्र का ही विकास किया। सड़कों का बुरा हाल है। बागवानों की फूड प्रोसेसिंग यूनिट, टमाटर और सेब के उचित मूल्यों की दरकार है।  आज ठीक वैसा ही मंडी के लोगों के साथ पांच साल तक हुआ है और अब समय आ गया है कि मंडी की जनता इस सरकार को भी सत्ता से बेदखल कर दें।

photo

बाबा भूतनाथ मंदिर में प्रियंका 

बाबा भूतनाथ मंदिर में की प्रियंका गांधी ने पूजा अर्चना कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी कांगनी हेलिपोर्ट पर उतरने के बाद सीधे मंडी शहर के बीचों बीच स्थापित बाबा भूतनाथ मंदिर में पहुंची और यहां उन्होंने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। प्रियंका गांधी अपने साथ पूजा की सामग्री भी साथ लेकर आई थी और पूजा अर्चना करने के लिए वह 20 मिनट तक मंदिर में रुकी रही। इस दौरान प्रोटोकॉल तोडक़र वह लोगों से भी मिली।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।