फतेहपुर उपचुनावः भाजपा प्रत्‍याशी के खिलाफ पोस्‍टर वार, अबकी बार ज्वाली पार

पोस्टर में बलदेव ठाकुर की फोटो के साथ लिखा है अबकी बार जवाली पार, फतेहपुर में तेरा क्या काम, अबकी बार ज्वाली कराएंगे आराम। हालांकि पोस्टर के साथ किसी भी संस्था, संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं है।
 | 
बलदेव ठाकुर, भाजपा प्रत्याशी, फतेहपुर विधानसभा, हिमाचल उपचुनाव

फतेहपुर। हिमाचल प्रदेश में रोजाना नए विवाद के साथ उपचुनाव का समय निकट आ रहा है। खासकर भाजपा के लिए यह अच्छे संकेत नहीं हैं। भाजपा की अंतर्कलह और लोगों की नाराजगी सामने आ रही है। शुक्रवार शाम को जहां जुब्बल-कोटखाई में भाजपा पदाधिकारियों ने इस्तीफों की झड़ी लगा दी, वहीं अब फतेहपुर में फिर पोस्टर वार हुआ है। पहले कृपाल परमार के नाम से पोस्टर लगे थे, वहीं अब भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के खिलाफ पोस्टर फतेहपुर में कई जगहों पर देखने को मिले हैं। शुक्रवार रात को ही इन पोस्टरों को चिपकाया गया है।

फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में पहले कृपाल परमार के नाम से पोस्टर लगे हुए थे कि अबकी बार चक्की पार। इन पोस्टरों के बाद कृपाल परमार की टिकट ही कट गई थी। वहीं, अब चुनावी रण में कूदे भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के नाम के पोस्टर लगे हैं। हलके के अधिकतर क्षेत्रों में यह पोस्टर शुक्रवार रात को चिपकाए गए हैं। पोस्टर में बलदेव ठाकुर की फोटो के साथ लिखा है अबकी बार जवाली पार, फतेहपुर में तेरा क्या काम, अबकी बार ज्वाली कराएंगे आराम। हालांकि पोस्टर के साथ किसी भी संस्था, संगठन या व्यक्ति का नाम नहीं है। न ही पोस्टरों पर मुद्रक का नाम है।

बताया जा रहा है कि फतेहपुर से भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर मूल रूप से ज्वाली और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के सीमावर्ती गांव के निवासी हैं। अधिकारिक रूप से बलदेव ठाकुर ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में निवासी हैं। इसी कारण पोस्टर में अबकी बार ज्वाली पार लिखा गया है। यहां बता दें कि चार अक्टूबर को फतेहपुर में दीवारों पर भाजपा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार के भी इसी तरह के पोस्टर लगाए गए थे। अब बलदेव ठाकुर के खिलाफ भी इस तरह के पोस्‍टर लगाए जाने से फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में सियासी माहौल गरमा गया है।  

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।