हिमाचल उपचुनावः फतेहपुर में बरकरार रहा कांग्रेस का वर्चस्व

कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी ने भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को 5789 मतों से करारी शिकस्त दी है। 

 | 
कांग्रेस उम्मीदवार पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के बेटे भवानी ने भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को 5789 मतों से करारी शिकस्त दी है।

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। हिमाचल में एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों ने विजय हासिल की है। जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भी सत्तासीन भाजपा को बड़ा झटका लगा है। उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के साथ ही यहां कांग्रेस का वर्चस्व कायम रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार भवानी सिंह पठानिया ने भाजपा के प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को 5789 मतों से शिकस्त दी है। 

पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद फतेहपुर सीट खाली हुई थी। कांग्रेस ने सुजान सिंह पठानिया के बेटे पर विश्वास जताते हुए टिकट दिया था। भवानी पठानिया ने भी पिता की विरासत को कायम रखते हुए जीत हासिल की है। निर्दलीय मैदान में उतरे पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत 12,927 मत हासिल करने के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैं। निर्दलीय पंकज दर्शी को 375 और डॉ. अशोक कुमार सोमल को महज 295 मत मिले पाए। 389 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया है, जबकि 57 मत रद्द हुए हैं।

यह भी पढ़ेंः-हिमाचल में भाजपा चारों खाने चित, कांग्रेस के हाथ को जनता का साथ


उपचुनाव में फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बलदेव ठाकुर और कांग्रेस के भवानी पठानिया के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा। सुबह शुरू हुई मतगणना के बाद पहले, दूसरे और तीसरे रांउड में कांग्रेस उम्मीदवार ने बढ़त बनाई जबकि चौथे राउंड से लेकर 14वें राउंड तक लगातार भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर की लीड बरकरार रही। इसके बाद 15वें राउंड से लेकर 24वें राउंड तक कांग्रेस के भवानी पठानिया ने लीड का सिलसिला बनाए रखा और अंत में वह 5789 मतों से जीत दर्ज करने में कामयाब रहे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।