Hamirpur Medical College: अप्रैल में होगा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। निर्माण कार्य पूरा कर अप्रैल में इसका लोकार्पण किया जाएगा।

 | 
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। निर्माण कार्य पूरा कर अप्रैल में इसका लोकार्पण किया जाएगा।

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार नादौन पहुंचे सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से ही उन्हें लोगों का अपार स्नेह प्राप्त हो रहा है। इसी का परिणाम है कि आज इस क्षेत्र को प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वह जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं। सरकार ने प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए योजनाएं तय कर उनको धरातल पर उतारने के लिए कार्य योजना तैयार की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नादौन विधानसभा क्षेत्र (Nadaun) में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल (Rajiv Gandhi Day-Boarding School) खोला जाएगा। इसके साथ-साथ क्षेत्र में अन्य विकासात्मक कार्यों को भी गति प्रदान की जाएगी। प्रदेश सरकार पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार ने कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर (HPSSC Hamirpur) में पेपर लीक मामले में तत्परता से कार्य किया और आयोग के कामकाज को निलंबित कर दिया। भविष्य में आयोजित की जाने वाली सभी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता और मैरिट के आधार पर चयन सुनिश्चित किया जाएगा।

 

ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार का पहला बजट जनहितैषी और आम आदमी को राहत देने वाला बजट होगा। सरकार जन कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह भी ध्यान दे रही है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को संतुलित किया जाए। प्रदेश सरकार वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने को विशेष तरजीह दे रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए डॉ. राधाकृष्णनन चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। इस महाविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा कर अप्रैल माह में इसका लोकार्पण किया जाएगा।

इस महाविद्यालय में एक नर्सिंग महाविद्यालय भी खोला जाएगा। क्षेत्र के लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए इस महाविद्यालय में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे तथा आवश्यकता के आधार पर पर्याप्त संख्या में स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोगों से स्थानीय भाषा में संवाद भी किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक आईडी लखनपाल, आशीष शर्मा, सुरेश कुमार, संजय रतन, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा के अलावा प्रशासनिक अधिकारी एवं कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।