जन संकल्प रैली : नेता विपक्ष अग्निहोत्री बोले- 40 दिन बाद पेड़ के नीचे सीएम गुनगुनाएंगे कोई लौटा दे मेरे बीते दिन

नेता विपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने 5 साल के कार्यकाल में सिर्फ हेलिकॉप्टर उड़ाया और नाटियां डालीं। प्रदेश भर में खस्ताहाल सड़कों की सुध तक नहीं ली। जयराम ठाकुर 40 दिनों के बाद किसी पेड़ के नीचे बैठ कर गुनगुनाएंगे कि कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन।
 | 
Congress

हमीरपुर  ।    हिमाचल कांग्रेस ने  सुजानपुर चौगान से विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। नेता विपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने 5 साल के कार्यकाल में सिर्फ हेलिकॉप्टर उड़ाया और नाटियां डालीं। प्रदेश भर में खस्ताहाल सड़कों की सुध तक नहीं ली। जयराम ठाकुर 40 दिनों के बाद किसी पेड़ के नीचे बैठ कर गुनगुनाएंगे कि कोई लौटा दे मेरे बीते हुए दिन। जो मुख्यमंत्री अपने गृह जिला में हवाई अड्डा नहीं बना सके, वह हमीरपुर-ऊना रेल लाइन कहां बिछा पाएंगे।


अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह और डॉ. यशवंत सिंह परमार को हिमाचल निर्माता के नाम से जाना जाता है। लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नौकरियां और पर्चे बेचने वाला मुख्यमंत्री जाना जाएगा। पुलिस भर्ती के पर्चे बेचने वाले सचिवालय में बैठे हैं जबकि परीक्षा देने वाले बच्चे जेल में। मुख्यमंत्री जयराम इस बात को न भूलें कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौटाला भी 10 साल जेल में रहकर आए हैं। कांग्रेस सरकार बनते ही भर्ती मामले के आरोपियों को जेल में डाला जाएगा।


अमृत महोत्सव के नाम पर भाजपा की रैलियों में करोड़ों रुपये फूंके जा रहे हैं और कर्मचारियों को भीड़ इकट्ठी करने का टारगेट दिया जा रहा है अगर कर्मचारी भीड़ जुटाएंगे, भोजन की व्यवस्था करेंगे तो वह कार्यालय में काम क्या करेंगे। जन संकल्प रैली में कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह नदारद रहीं। राजेंद्र राणा के इस कार्यक्रम में सुखविंदर सिंह सुक्खू जिंदाबाद के नारे लगे।

कांग्रेस की मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने कहा कि अनुराग ठाकुर जोर लगा रहे हैं कि उनके पिता प्रेम कुमार धूमल को विधानसभा चुनावों में टिकट मिल जाए। प्रेम कुमार धूमल सपना देख रहे हैं कि उनका बेटा अनुराग मुख्यमंत्री बन जाए। भाजपा वाले हमें परिवारवाद सिखाते हैं, हमें परिवारवाद बताते हैं। हिमाचल प्रदेश की जनता ने अब मन लिया है कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार का अब तख्त उखाड़ फैंकना है। लोगों ने बहुत बर्दाश्त कर लिया, बहुत सह लिया। केंद्र के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली से यहां आए जुमलेबाजी की और चल दिए।

जन संकल्प रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, पर्यवेक्षक एवं पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, पार्टी के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली व तेजिंद्र सिंह बिट्टू सहित प्रदेश के आला कांग्रेस नेता व पार्टी के विधायक व पूर्व विधायक शामिल हुए।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।