बिझड़ी बाजार में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का रोड शो शनिवार को

गारली पंचायत के खज्जियां शनि मंदिर में विशाल जनसभा को करेंगी संबोधित
 | 
विधायक इंद्र दत्त लखनपाल द्वारा  विश्राम गृह बिझड़ी में प्रेस वार्ता

हमीरपुर ।  बड़सर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने बिझड़ी बाजार में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का रोड शो करवाने और खज्जियां  में विशाल जनसभा का आयोजन करवा कर आने वाले विधानसभा चुनावों का विगुल बजा दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मंडी लोकसभा की सांसद प्रतिभा सिंह शनिवार को बड़सर विधानसभा क्षेत्र के एक दिन के दौरे पर आ रही हैं। यह जानकारी बड़सर विधानसभा के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल  ने शुक्रवार को बिझड़ी लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।  


  विधायक इंद्रदत लखनपाल ने बताया कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह का स्वागत उखली में किया जायेगा और उसके बाद बिझड़ी में सभी कार्यकर्ताओं के साथ तहसील चौक से कुआं चौक तक एक विशाल रैली और रोड शो का आयोजन किया जायेगा। रोड शो के बाद पंचयात गारली के खज्जियां शनि मंदिर में प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श कर आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए रूपरेखा  तैयार की जाएगी।


 प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक इंद्रदत लखनपाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है। प्रदेश भाजपा सरकार घोटालों की सरकार है। जल शक्ति विभाग में हुई नियुक्तिओं में भारी अनियमितताएं बरती गई हैं, पाइपओं की खरीद में भारी घोटाला किया गया है। पुलिस भर्ती में घोटाला कर हजारों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है। युवा वर्ग में भारी आक्रोश पनप रहा है।

कर्जा ले ले कर हिमाचल को कर्जदार बना दिया है। महंगाई सातमें आसमान को छू  रही है, लेकिन भाजपा ने कभी भी महंगाई के मुद्दे पर बात करना मुनासिब नहीं समझा। विधायक लखनपाल ने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग भाजपा के झूठे वादों से तंग आ चुका है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के रेट आसमान को छू रहे हैं। स्कूलों में अध्यापक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, फिर भी भाजपा सरकार मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है और रिपीट मिशन की बातें कर रही है।

विधायक इंद्रदत लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में पार्टी एक जुट हुई है और आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ अपना परचम लहराएगी। इस मौके पर जिला महासचिव पवन कालिया, नरेश लखनपाल, कृष्ण चौधरी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।