नालसा एप से पाएं कानूनी सहायता, सरकार से मिलेगा वकील

पंकज गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संपूर्ण भारतवर्ष में आजादी का अमृत महोत्सव दो अक्तूबर से आगामी 14 नवम्बर तक मनाया जा रहा है।
 | 
DALSA

चम्बा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा ने जिला मुख्यालय में शुक्रवार को जिला परिषद सदस्यों व स्वयंसेवियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के सचिव पंकज गुप्ता ने की। पंकज गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संपूर्ण भारतवर्ष में आजादी का अमृत महोत्सव दो अक्तूबर से आगामी 14 नवम्बर तक मनाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरुकता फैलाई जा रही है। जरूरतमंदों की कानूनी सहायता के लिए प्राधिकरण द्वारा अधिवक्ता की नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। 


बैठक के दौरान उन्होंने विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए गूगल प्ले स्टोर से नालसा मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के संबंध में जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इस मोबाइल ऐप के माध्यम से किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की तत्काल सहायता की जा सकती है। आम नागरिक इस ऐप के माध्यम से कानूनी सहायताओं के लिए आवेदन तथा नि:शुल्क सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नालसा ऐप के जरिए कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल फोन से कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकता है। इस ऐप में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पात्र व्यक्ति किस प्रकार निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है। 


उन्होंने यह भी बताया कि इस ऐप द्वारा मध्यस्थता व पूर्व मध्यस्थता के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। ऐप के माध्यम से किसी भी आवेदन व प्रार्थना पत्र की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है। अधिक से अधिक लोगों को इस ऐप के लाभ बताएं ताकि पात्र लोगों की सहायता की जा सके। उन्होंने बैठक में मौजूद जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी, सदस्य सीमा नरियाल व चाइल्डलाइन सोसायटी के सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने कार्य क्षेत्र  में जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति अधिक से अधिक जागरुक करें। 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।