हमीरपुर : नादौन में गरजे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, बोले- बांटो और राज करो कांग्रेस की नीति

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि बांटो और राज करो कांग्रेस की नीति रही है, जाति धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति कांग्रेस करती है। जब जनता ने कांग्रेस को नकारा अब वही परिवार और और पार्टी अपना अस्तित्व बचाने के लिए प्रयास कर रहा है। 
 | 
नादौन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

हमीरपुर ।  केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि अंग्रेज देश को छोड़ कर चले गए, लेकिन उनकी मानसिकता कांग्रेस के साथ रही। नादौन में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बांटो और राज करो कांग्रेस की नीति रही है, जाति धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति कांग्रेस करती है। जब जनता ने कांग्रेस को नकारा अब वही परिवार और पार्टी अपना अस्तित्व बचाने के लिए प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक से दूसरे राज्य ने कांग्रेस की सफाई होती चली गई और कांग्रेस कार्यकर्ता उस परिवार से दुखी होते चले गए।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेशों से यहां टूरिस्ट के तौर पर आते हैं और फिर वापस चले जाते हैं। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश आगे बढ़ रहा है। दुनिया की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भारत पहुंच गया है, जिस देश ने हम पर राज किया आज हमने उसी देश को पीछे छोड़ कर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा हर क्षेत्र में भारत आगे बढ़ा है। कोविड-19 के बावजूद अब अर्थव्यवस्था पटरी पर आ गई है। उन्होंने कहा मोदी सरकार के निर्णय के कारण ही यह उपलब्धि हासिल हुई है।

नीतीश कुमार के विपक्ष के एकजुट करने के प्रयासों पर अनुराग ने कहा कि वर्ष 2014 से ही हर बार यह लोग गठबंधन बनाते रहे हैं। लेकिन जनता ने भ्रष्ट लोगों को पूरी तरह से नकार दिया है और गरीब की भलाई करने वाले मोदी को जनता ने अपना आशीर्वाद दिया। अनुराग ने कहा कि 2024 में पिछला रिकॉर्ड तोड़ कर एक बार फिर बहुमत से भाजपा सरकार बनेगी। दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया शराब घोटाले के आरोपी नंबर एक हैं और अरविंद केजरीवाल इस घोटाले के किंगपिन हैं। अनुराग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 15 प्रश्नों का उत्तर अभी तक नहीं दिया है।



वह इस बात का जवाब नहीं दे पाए हैं कि कमीशन दो फीसदी से बढ़ाकर 12 फीसदी क्यों की गई और यह पैसा किसकी जेब में गया। कितना पैसा केजरीवाल और सिसोदिया की जेब में गया। इसका जवाब अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि आप सरकार मोहल्ला क्लीनिक से मोहल्ला ठेके वाली सरकार बन कर रह गई। उन्होंने कहा जिन कंपनियों को नोटिस दिया गया उनके विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं की गई। भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन करने वाले अब पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूब चुके हैं।

अनुराग ने कहा कि आप को तो सत्येंद्र जैन भी ईमानदार लगते थे लेकिन चार माह से जेल में है। उन्होंने कहा इस घोटाले के सभी आरोपी कानून के तहत आने वाले समय में जेल में होंगे। क्योंकि सीबीआई इस मामले की गहन छानबीन कर रही है। अनुराग ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस ने करोड़ों का घोटाला किया है और अब कांग्रेस तड़प रही है।

उन्होंने कहा गांधी परिवार की इसमें क्या भूमिका है, इसकी भी जांच हो रही है। गांधी परिवार को कांग्रेस बचाने का प्रयास कर रही है। परंतु इस जांच में वह बचने वाले नहीं है। वहीं अनुराग ठाकुर से हिमाचल में रेललाइन के विस्तार को लेकर पूछे जाने पर उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।