परिवारवाद की बातें कर नाकामियां छिपा रही भाजपा सरकार : प्रतिभा

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बोलीं, हाइकमान ने मेरी क्षमता देखकर बनाया अध्यक्ष
 | 
कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का स्वागत करते सुखविंद्र सिंह सुक्खू

हमीरपुर ।   ‘मुझे इस बात का गर्व है कि मैं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के परिवार से हूं। कांग्रेस हाईकमान और अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मेरी कार्यक्षमता देखकर मुझे अध्यक्ष बनाया है। हाईकमान जानती है कि जो तीन बार चुनकर लोकसभा में पहुंची हैं, उसकी कार्यशैली क्या होगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने नादौन और हमीरपुर विश्रामगृह में पत्रकारों से बात करते हुए कही।

दरअसल प्रतिभा सिंह ने सीएम जयराम ठाकुर के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें मुख्यमंत्री ने यह कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के परिवार से होने के नाते आज पूरे प्रदेश में वह घूम रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अब परिवारवाद जैसी बातें करने पर उतर आई है।  हम एकजुट होकर विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे, चुनाव जीतेंगे और बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएंगे।


प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बयान का जवाब देते हुए कहा कि विक्रमादित्य को लोगों ने विधायक बनाया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का प्रोपगेंडा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह की बातें बोलना शोभा नहीं देती हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा धर्म, जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति करती है। कांग्रेस ने प्रदेश का बिना भेदभाव एक सामान विकास करवाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की पोल इन चुनावों में खुल जाएगी। कांग्रेस में गुटबाजी और बिखराव के प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मैं और सुक्खू यहां साथ बैठे हैं।

अब यदि मैं कहीं जाऊंगी तो सभी नेता मेरे साथ नहीं घूमेंगे, बल्कि अन्य क्षेत्रों में पार्टी के लिए कार्य करेंगे। जहां आवश्यक होगा वहां हम सब इकट्ठे होंगे। ऐसे में बिखराव की बात महज बकवास है। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को आईना दिखा दिया है और आगे भी कांग्रेस की जीत निश्चित है, क्योंकि बेतहाशा महंगाई के कारण लोग हताश हैं। उन्होंने पुलिस भर्ती मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि साढ़े चार साल में प्रदेश सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समय शुरू हुए विकास कार्यों के महज रिबन ही काटे हैं। इस सरकार में एक ईंट तक नहीं लगी। प्रदेश में सभी मेडिकल कॉलेज कांग्रेस की देन हैं।

दो निर्दलीय विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला संवैधानिक है और इस पर संविधान के अनुसार ही कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बारे में स्पीकर से बात करेंगे। इसलिए विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री की अगवाई में विस अध्यक्ष को शीघ्र ही कांग्रेस के विधायक ज्ञापन देंगे। इस दौरान मंडल कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी चंद, शहरी इकाई कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी सोनी, मनिंदर कटोच, रीना देवी आदि उपस्थित रहे। 
 

आप पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब से यह पार्टी पंजाब में सत्ता में आई है, लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ रही है। आम आदमी पार्टी का हिमाचल में कोई भी वर्चस्व नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की सरकारों को लेकर प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार ने कोई नया काम नहीं किया, बल्कि उल्टा साढ़े चार साल में कांग्रेस द्वारा किए कामों के उद्घाटन किए या फिर दोबारा शिलान्यास किए।

हमीरपुर में राजेंद्र जार की अगवाई में हुआ स्वागत


कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार की अगवाई में जोरदार तरीके से परिधिगृह हमीरपुर में स्वागत हुआ। इस मौके पर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, एडवोकेट रोहित शर्मा, पूर्व पार्षद राजेश चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश रानी समेत सैकड़ों लोगों ने फूल-मालाओं के साथ प्रतिभा सिंह का स्वागत किया।


हाईकमान और विधायक दल चुनते हैं मुख्यमंत्री : प्रतिभा 


कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर प्रतिभा ने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की उम्मीदें और आकांक्षाएं होती हैं। मुख्यमंत्री वही बनता है जिसे हाईकमान और विधायक दल के नेता चुनते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है और सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन में पहुंचने पर उनका स्वागत किया है। सब नेता एक साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाएंगे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।