हिमाचल की बेटी आंचल का विदेश में डंका, अंतरराष्ट्रीय खेलों में जीते 4 रजत पदक

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आंचल ठाकुर को दुबई में आयोजित स्पर्धा में चार रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि पर संपूर्ण हिमाचल को गर्व है।
 

शिमला। हिमाचल प्रदेश की बेटी ने देश ही नहीं बल्कि विदेश में हर किसी का सिर गर्व से ऊंचा किया है। देवभूमि हिमाचल की बेटी आंचल ठाकुर ने बीते दिनों दुबई में आयोजित स्कीइंग स्पर्धा में 4 रजत पदक जीते हैं। देश के लिए दुबई में अलग-अलग वर्गों में आंचल ने चार पदक भारत की झोली में डाले हैं।


मीडिया से बातचीत करते हुए आंचल ने कहा कि बर्फ पड़ने के चलते हमारे देश के पास कई अच्छे स्की स्लोप हैं, लेकिन सरकारें इस ओर ध्यान नहीं देती हैं। उन्होंने कहा कि भारत को दुबई जैसे देशों से सीखने की जरूरत है। आपको बता दें कि आंचल ठाकुर का जन्म 28 अगस्त 1996 को मनाली में ही हुआ था। इससे पहले 2012 में यूथ विंटर ओलंपिक गेम्स में भी आंचल ठाकुर हिस्सा ले चुकी हैं।


आंचल ठाकुर ने आगे कहा कि इससे पहले उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीता था और अब 4 रजत पदक जीते हैं। उनका अगला लक्ष्य देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। आंचल ने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर आज वह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बनी हैं। सरकार की ओर से कोई सहायता न मिलने से सफर मुश्किल था, लेकिन परिवार से मिले सहयोग से इस मुकाम तक पहुंची हूं।
 

हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, देवभूमि हिमाचल की बेटी एवं अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग खिलाड़ी आंचल ठाकुर जी ने दुबई में आयोजित स्पर्धा में चार रजत पदक जीते हैं। आंचल जी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपकी उपलब्धि पर संपूर्ण हिमाचल को गर्व है।