सीएम योगी बोले - कांग्रेस ने भारत को पिछलग्गू राष्ट्र बना दिया

बड़सर विधानसभा क्षेत्र की विकासोन्मुखी जनता ने ठाना है, तो यहां हर बूथ पर कमल खिलाना है।
 

हमीरपुर  ।   हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र  के  ताल स्टेडियम बिझड़ी में चुनावी जनसभा में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के नागरिकों में पहाड़ जैसी दृढ़ता भी है, लेकिन पानी जैसी संवेदना भी है। इसलिए हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार आवश्यक है।   


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत का किसी का पिछलग्गू नहीं, बल्कि दुनिया भारत का अनुसरण कर रही है। कांग्रेस ने 70 साल शासन किया, कांग्रेस चाहती तो हिमाचल प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोल सकती थी, लेकिन काम करने की मंशा नहीं थी। वैश्विक मंच पर कांग्रेस ने भारत को पिछलग्गू राष्ट्र बना दिया। आज हमारा देश पिछलग्गू नहीं नेतृत्वकर्ता के रूप में पीएम मोदी के नेतृत्व में काम कर रहा है। अन्नदाता किसानों के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया।

यह भी पढ़ेः-    Himachal Assembly Election 2022 : मतदान के लिए 12 नवंबर को हिमाचल में सार्वजनिक अवकाश  

पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों के कल्याण के लिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना शुरू की। दस लाख किसान हिमाचल में पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ उठा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के एजेंडे में विकास नहीं है, विरासत का सम्मान नहीं है, सैनिकों का सम्मान भी नहीं है। कांग्रेस के एजेंडे में केवल एक खानदान का विकास है।

उन्होंने विकास के नाम पर भ्रष्टाचार की नई नई परतें बनाईं। जिनका खामियाजा देश ने भुगता, कीमत नौजवानों ने चुकाई, विकास अवरुद्ध हुआ। प्रकृति के आंचल में बसे हिमाचल प्रदेश के जनपद हमीरपुर की देवतुल्य जनता का यह आह्लाद राष्ट्रवाद की प्रचंड विजय का उद्घोष है। बड़सर विधान सभा क्षेत्र की विकासोन्मुखी जनता ने ठाना है, यहां हर बूथ पर कमल खिलाना है।  उन्होंने बड़सर विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा के पक्ष में वोट डालने की जनता से अपील की।

यह भी पढ़ेः-    Himachal Assembly Election 2022 : 48 घंटे में शराब की 708 पेटियां की जब्त  


  इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा, पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा, कमल नयन शर्मा, सीताराम भारद्वाज, नरेंद्र अत्री, जिला परिषद सदस्य संजीव शर्मा, राजेश मांगा, बीना देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, चत्तर सिंह कौशल, यशवीर पटियाल, बीडीसी अध्यक्ष मंजू ढिल्लों, प्रेम दत्याल, विकास पटियाल, रवि कानूगों, यशपाल ठाकुर, सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।