सभी को नहीं बनाया जा सकता मंत्री, बागी कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा पर भड़के सीएम सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने बुधवार को हमीरपुर और कांगड़ा में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिए सत्ता में आई है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के बागी विधायकों पर भी निशाना साधा। 
 

वेब डेस्क। लोकसभा चुनाव के पूर्व हिमाचल प्रदेश में मची सियासी उथल-पुथल के बीच सरकार एक्शन मोड़ में आ गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) इन दिनों प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जनसभाएं कर रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री लोकसभा चुनाव से पहले जनता को सौगातें भी दे रहे हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह ने हमीरपुर और कांगड़ा में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिए सत्ता में आई है। इस दौरान सीएम सुखविंद्र सिंह ने कांग्रेस के बागी विधायकों पर भी निशाना साधा। 

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने कहा कि बागी विधायकों की मदद से भाजपा अलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हड़पने करने की कोशिश करती रही। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने मंसूबे में कभी सफल नहीं होगी। लोकतंत्र को कमजोर करने वाली भाजपा को जनता सबक सिखाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि लोगों ने कांग्रेस सरकार को पांच साल के लिए सेवा का मौका दिया है और वह पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दावा किया कि उनकी सरकार साल 2032 तक हिमाचल प्रदेश को पूरे देश का नंबर वन राज्य बनाएगी।


सुधीर शर्मा पर CM सुक्खू का निशाना

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बागी विधायक जीत कर तो कांग्रेस के हाथ के निशान पर आए, लेकिन अब वे पार्टी से बगावत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों का उनसे व्यक्तिगत विरोध हो सकता है, लेकिन विरोध पार्टी से नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान बागी विधायक हेलीकॉप्टर से उड़े और अब लंबे वक्त से चंडीगढ़ में ही आराम फरमा रहे हैं। बागी विधायकों में एक विधायक ऐसे भी हैं, जो खुद भी मंत्री रहे और उनके पिता भी मंत्री के साथ पार्टी अध्यक्ष रहे। उन्होंने कहा कि हर किसी को मंत्रिमंडल में जगह देना संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद भी दो दशक से विधायक हैं और अब उन्हें जनता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का मौका मिला है।


सरकारी क्षेत्र में भरे जा रहे 20 हजार पद

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके लिए नीतियों और कानून में भी जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार युवा हितैषी है। सरकारी क्षेत्र में 20 हजार भर्तियां की जा रही हैं। जल शक्ति विभाग में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा शिक्षा विभाग में 6500, पुलिस विभाग में 1231, वन विभाग में 2061 और खनन विभाग में 100 भर्तियां की जा रही हैं। सरकारी क्षेत्र के साथ हिमाचल सरकार स्वरोजगार के मौके बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रही है।