क्रिकेटर मयंक अग्रवाल के ससुर हैं CBI के नए चीफ प्रवीण सूद
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के परागपुर से संबंध रखने वाले कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद अब सीबीआई के निदेशक बन गए हैं। प्रवीण सूद 1986 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं, जिन्हें सीबीआई का नया डायरेक्टर एक चयन समिति ने बनाया है। इस समिति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायधीश डीवाई चंद्रचूड़ व लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चैधरी शामिल हैं। तीनों ने सर्व सम्मति से प्रवीण सूद को सीबीआई का चीफ बनाया है। आइए प्रवीण सूद के बारे में जानते हैं...
यह भी पढ़ेंः-CBI Director: कर्नाटक के डीजीपी एवं कांगड़ा के प्रवीण सूद बने सीबीआई निदेशक
आईआईटी दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक व पीपीएम में पीजी करने वाले आईपीएस अधिकारी प्रवीण सूद मौजूदा में कर्नाटक में पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद पर सेवारत हैं। प्रवीण सूद का जन्म 22 मई 1964 को हुआ था। आईपीएस प्रवीण सूद ने पुलिस बल में विभिन्न प्रमुख पदों पर कार्य किया है। आईपीएस प्रवीण सूद मूलतः कांगड़ा के गरली परागपुर से संबंध रखते हैं। पिता नौकरी के सिलसिले में काफी पहले दिल्ली चले गए थे। आईपीएस अधिकारी ने राजधानी दिल्ली में ही शिक्षा प्राप्त की है। प्रवीण सूद की बेटी आशिता सूद का विवाह क्रिकेटर मयंक अग्रवाल से हुआ है।
16 फरवरी 1991 के दिन कर्नाटक के बेंगलुरु में जन्मे मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने सात साल लंबे रिलेशनशिप के बाद साल 2018 में कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद की बेटी आशिता सूद (Aashita Sood) से शादी की थी। आशिता सूद (Aashita Sood) ने 'क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन' (Queen Mary University of London) से 'मास्टर ऑफ लॉज' की पढ़ाई की है। मयंक की पत्नी आशिता सूद पेशे से वकील हैं।
आईपीएस अधिकारी प्रवीण सूद ने 1989 में मैसूर के सहायक पुलिस अधीक्षक के पद से करियर शुरू किया था। साल 2004 से 2007 तक मैसूर में पुलिस कमिश्नर भी रहे। मैसूर में सेवारत रहने के दौरान आईपीएस प्रवीण सूद ने पाकिस्तानी मूल के आतंकवादियों की गिरफ्तारी में भी अहम भूमिका निभाई थी। प्रवीण सूद को साल 1996 में सेवा में उत्कृष्टता के लिए मुख्यमंत्री स्वर्ण पदक, 2002 में पुलिस पदक व 2011 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से भी अलंकृत किया जा चुका है।
मयंक अग्रवाल से की शादी
प्रवीण सूद की बेटी आशिता सूद का अफेयर भारतीय क्रिकेटर मयंक अग्रवाल के साथ करीब 7 साल तक चला था। लंबे समय तक एक दूसरे को डेट करने के बाद वह शादी के बंधन में बंध गए थे। क्रिकेटर ने आशिता को लंदन में प्रपोज किया था। दोनों ने 4 जून 2018 को शादी की थी। मयंक अग्रवाल इन दिनों आईपीएल 2023 में व्यस्त हैं। उन्होंने 16वें सीजन में अब तक 9 मैच खेले हैं। इस दौरान 9 पारियों में उन्होंने 20.78 की औसत और 114.02 के स्ट्राइक रेट से 187 रन बनाए हैं। वह इस सीजन एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। इस सीजन उनका सर्वाधिक स्कोर 49 रन है।
यह भी पढ़ेंः-New CBI Director: कौन हैं सीबीआई के नए निदेशक प्रवीण सूद? 6 प्वांट्स में जानें
मयंक अग्रवाल का इंटरनेशनल करियर
मयंक अग्रवाल ने अपने करियर में अब तक 21 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान 36 पारियों में उन्होंने 41.33 की औसत और 53.48 के स्ट्राइक रेट से 1488 रन बनाए हैं। टेस्ट में उन्होंने 4 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने करियर में अब तक 5 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान 5 पारियों में उन्होंने 17.20 की औसत और 103.61 के स्ट्राइक रेट से 86 रन बनाए हैं। एकदिवसीय में उन्होंने कोई शतक या अर्धशतक नहीं लगाया है। इस फॉर्मेट में उनका सर्वाधिक स्कोर 32 रन है। मयंक का अब तक टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू नहीं हुआ है।