लेह तक हो भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन का विस्तार, CM जयराम ठाकुर ने रेल मंत्री से उठाई मांग

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख एल. मंडाविया से भेंट की।
 

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख एल. मंडाविया से भेंट की। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री से भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन का लेह तक विस्तार करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस लाइन का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। ऐसे में इस मामले में आगामी कार्रवाई की जाए।

यह भी पढ़ेंः-Corona In Himachal: हिमाचल में 11 दिनों में कोरोना से 77 लोगों की मौत, 1820 नए मरीज मिले


जयराम ठाकुर ने बताया कि बद्दी-चंडीगढ़ रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण कर लिया गया है। इसलिए इसका काम जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने बद्दी की ओर से कार्य शुरू करने का आग्रह किया, क्योंकि यहां सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने जगाधरी-पांवटा साहिब रेल लाइन के सर्वेक्षण का भी आग्रह किया जो कि कालाअम्ब औद्योगिक क्षेत्र को बद्दी-अमृतसर-कोलकाता गलियारे से जोड़ने में सहायक होगा।

यह भी पढ़ेंः-रैडक्रॉस सोसाइटी के रैफल ड्रॉ का पहला ईनाम रेनॉल्ट क्विड कार


सीएम जयराम ने कालका-शिमला रेल ट्रैक को स्तरोन्नत करने की मांग उठाई, क्योंकि इस ट्रेन की गति बहुत धीमी है। उन्होंने बताया कि ट्रेन में नए कोच जोड़े जाने चाहिए। मौजूदा कोच बहुत पुराने हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य की विरासत को प्रदर्शित करते हुए अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के दृष्टिगत कालका-शिमला रूट पर स्टेट-ऑफ आर्ट ट्रेन शुरू करने का भी सुझाव दिया।

यह भी पढ़ेंः-भारतीय हॉकी टीम के पहले हिमाचली कप्तान चरणजीत सिंह का निधन, ओलंपिक में दिलाया था स्वर्ण


केन्द्रीय रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाईन को शीघ्र पूरा करने के लिए राशि बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की मांगों को पूरा करने के लिए सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय शीघ्र ही ऊना-हमीरपुर रेल लाईन के लिए राज्य को प्रस्ताव भेजेगा। इस दौरान केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद रहे।