गलती से पाकिस्तान में जा गिरी भारतीय मिसाइल, कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश

9 मार्च को एक तकनीकी खराबी के कारण गलती से एक मिसाइल की फायरिंग हो गई। भारत सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए एक उच्च स्तरीय कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है।
 

नई दिल्ली। पाकिस्तान ने वीरवार को भारत पर आरोप लगाया था कि 9 मार्च को भारत की तरफ से एक 'सुपरसोनिक प्रोजेक्टाइल' फायर किया गया था। पाकिस्तान ने आशंका जताई थी कि ये एक सुपरसोनिक मिसाइल थी जो हरियाणा के सिरसा से दागी गई थी। पाकिस्तान के इन आरोपों को रक्षा मंत्रालय ने गंभीरता से लेते हुए इसकी उच्च स्तरीय कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है। इसके साथ ही भारत ने इस घटना पर खेद जताया है।

यह भी पढ़ेंः-दिल्ली पहुंचे सीएम जयराम, सरकार और संगठन में बदलाव की अटकलें तेज

रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान में मिसाइल गिरने पर अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "9 मार्च 2022 को, नियमित रखरखाव के दौरान, एक तकनीकी खराबी के कारण गलती से एक मिसाइल की फायरिंग हो गई। भारत सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए एक उच्च स्तरीय कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है। पता चला है कि मिसाइल पाकिस्तान के एक इलाके में गिरी थी। हालांकि यह घटना अत्यंत खेदजनक है, वहीं राहत की बात यह भी है कि हादसे में किसी को जान नहीं गंवानी पड़ी है।"

यह भी पढ़ेंः-खौफनाकः चलती बस से गिर गया चालक; पहाड़ी से जा टकराई बस, पांच जख्मी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के विदेश विभाग ने कहा, भारतीय राजनयिक को 'उड़ने वाली भारतीय सुपरसोनिक वस्तु' के जरिये हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन के बारे में सूचना दी गई है। पाकिस्तान की ओर से कहा गया है कि, 124 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भारत की तरफ से आ रहा ऑब्जेक्ट पाकिस्तान के खानेवाल जिले में जा गिरा। यह वस्तु भारत में सूरतगढ़ से नौ मार्च को शाम छह बजकर 43 मिनट पर पाकिस्तान में घुसी थी। यह मिसाइल पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के मियां चुन्नु शहर में उसी दिन शाम 6 बजकर 50 मिनट पर जमीन पर गिरी, जिससे असैन्य संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

 

यह भी पढ़ेंः-Job Alert: चम्बा में निकली बंपर नौकरियां, भरे जाएंगे 3687 पद


पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग, आईएसपीआर के डीजी ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि ये मिसाइल बिना वॉर-हेड की थी (यानि इसमे बारूद इत्यादि नहीं था और अभ्यास के लिए फायर की गई थी) और राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में जाकर गिरनी थी लेकिन ये पाकिस्तान के मिया चुन्नू इलाके में जाकर गिर गई। पाकिस्तान का आरोप है कि इससे कोई जानमाल का तो कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन ये इंटरनेशनल एविएशन सेफ्टी के प्रतिकूल थी और इससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था।