खौफनाकः चलती बस से गिर गया चालक; पहाड़ी से जा टकराई बस, पांच जख्मी
सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में बड़ा हादसे होने से बच गया। दरअसल कालका-शिमला एनएच पर जाबली के समीप हरियाणा रोडवेज की चलती बस का चालक सीट का दरवाजा खुल गया। इससे चालक सड़क पर आ गिरा और बस पहाड़ी से जा टकरा गई। हादसा शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े पांच बजे के करीब हुआ है। गनीमत यह है कि बस में सवार अधिकतर लोग सुरक्षित हैं जबकि चालक समेत पांच लोगों को चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ेंः-कांगड़ा: शादी के तीन माह बाद पैदा हुई बच्ची, कर दी जमीन में दफन
बताया जा रहा है कि कालका-शिमला एनएच पर हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो की बस कालका से शिमला की ओर जा रही थी। जैसे ही बस जाबली के एचपीएल कंपनी के पास तीखे मोड़ के समीप पहुंची तो बस चालक की सीट का दरवाजा खुल गया। चलती बस का दरवाजे को बंद करने की कोशिश में चालक भी सड़क पर आ गिरा। इससे बस अनियंत्रित हो गई और बस तीखे मोड़ पर होने के कारण पहाड़ से जा टकराई।
यह भी पढ़ेंः-हिमाचल: सतलुज नदी की तेज धारा में बहे दो बच्चे, तलाश जारी
बताया जा रहा है कि हादसे में चालक को काफी चोटें आई हैं। हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस और एनएच पेट्रोलिंग टीम को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चालक कपिल देव और अन्य लोगों को इलाज के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 42 सवारियां सवार थीं, जिन्हें गंतव्य की ओर भेज दिया गया। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।