कांग्रेस ने मंडी से विक्रमादित्य सिंह को बनाया प्रत्याशी, कंगना रनौत से होगा मुकाबला

Himachal Congress Candidate List: हिमाचल लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी हुई है। इसमें दो सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। मंडी और शिमला सीट से कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।

 

Himachal Congress Candidate List : लोकसभा की चार सीटों वाले हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने चार लोकसभा सीटों में से दो पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। हिमाचल की सबसे हॉट सीट उभर कर सामने आई मंडी सीट से कांग्रेस ने वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। विक्रमादित्य सिंह हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने लोक निर्माण मंत्री हैं। वह भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत के सामने चुनाव लड़ेंगे। 

यह भी पढ़ें ः-पिता केडी सुल्तानपुरी शिमला संसदीय सीट से लगातार जीते थे छह चुनाव, अब कांग्रेस ने बेटे विनोद को दिया टिकट

इसी के साथ शिमला सीट से विनोद सुल्तानपुरी को पार्टी टिकट दिया है। विनोद सुल्तानपुरी का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार सरेश कुमार कश्यप से होगा। भाजपा ने शिमला से वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप को ही पार्टी टिकट दिया है। वहीं विनोद सुल्तानपुरी के पिता दिवंतग केडी सुल्तानपुरी के नाम शिमला लोकसभा सीट पर लगातार छह बार कांग्रेस सांसद बनने का रिकॉर्ड है। कांग्रेस ने विनोद सुल्तानपुरी को टिकट देकर शिमला लोकसभा सीट पर चुनावी मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है। साथ ही संदेश देने की कोशिश की है कि उसकी सरकार को कोई खतरा नहीं है। 

यह भी पढ़ें ः-विधायकों को टिकट देकर कांग्रेस ने हिमाचल में क्या संदेश दिया, अब है बड़ी चुनौती ?

बता दें, मंडी से मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह पहले ही आगामी चुनाव लड़ने से इन्कार कर चुकी थीं। अब उनकी जगह पार्टी को नया उम्मीदवार ढूंढना था। ऐसे में पार्टी के पास उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह से बेहतर कोई विकल्प नहीं था। विक्रमादित्य सिंह के जरिये कांग्रेस आलाकमान हिमाचल प्रदेश में चल रही गुटबाजी को भी कम करने की कोशिश कर रही है। वहीं, हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार का अस्तित्व भी एक जून को होने वाले विधानसभा उपचुनाव और उसके नतीजों पर निर्भर करता है। 

जानकारी के लिए बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए हिमाचल प्रदेश की चारों सीटों पर एक ही चरण में मतदान होना है। एक जून 2024 को वोटिंग के बाद चार जून को नतीजे घोषित किए जाएंगे और इसी के साथ सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के अलावा, हिमाचल प्रदेश की छह विधानसभा सीटों लाहौल-स्पीति, सुजानपुर, बड़सर, धर्मशाला, गगरेट और कुटलैहड़ पर भी उपचुनाव होंगे। इसके लिए भी एक जून को ही वोटिंग होनी है।