Bilaspur : बिलासपुर में दो गुटों के बीच हुई मारपीट, कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर का बेटा हुआ घायल

भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। एक ओर जहां कांग्रेस कायर्कर्ताओं ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की अगुआई में एनएच पर धरना दिया, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी परिसर में जमकर नारे बाजी की।

 

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में एक तरफ जहां कल यानी 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने वाले हैं। वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश के सबसे मजबूत राजनीतिक दल कांग्रेस व भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच बिलासपुर में वीरवार को देर शाम बस स्टैंड के पास झड़प हो गई। भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। एक ओर जहां कांग्रेस कायर्कर्ताओं ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की अगुआई में एनएच पर धरना दिया, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी परिसर में जमकर नारे बाजी की।

 

यह भी पढ़ें ः AIIMS : एम्स बिलासपुर में हिमकेयर कार्ड से मिलेगा निशुल्क उपचार

इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं बिलासपुर सदर से कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर ने कहा कि यहां पर एक डिबेट रखी गयी हुई थी। इसी दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा उनके बेटे को बेरहमी से पीटा गया। जब तक आरोपितों को नहीं पकड़ा जाता, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे। उन्होंने प्रशासन से आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है। बाद में पूर्व विधायक ने जिला प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद धरना समाप्त किया व गुरुद्वारा मार्केट तक कैंडल मार्च निकाला।

 

यह भी पढ़ें ः Sky Glass Walk Bridge: बिलासपुर में बनेगा हिमाचल का पहला 'स्काई ग्लास वॉक ब्रिज'

वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मारपीट एवं गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी में नारेबाजी की। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया है। इससे पहले भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरलोग के पास भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले को रोककर गुंडागर्दी करने का प्रयास किया था।

 

उन्होंने  कहा कि जिला भाजपा इस मामले पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएगी। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक जम्वाल ने भी पूर्व विधायक पर गुंडागर्दी फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।