भरमौर का सेल्फी प्वाइंट, जहां से दिखेगा डूबते सूरज का नजारा
भरमौर। स्थानीय विधायक जिया लाल कपूर ने बुधवार को दादवां मोड़ पर सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन किया। यह सेल्फी प्वाइंट वन विभाग ने तैयार किया है। इस मौके पर विधायक ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भरमौर के खूबसूरत स्थलों को विकसित किया जा रहा है। इससे सैलानी भरमौर की वादियों का लुप्त उठा सकेंगे। विधायक ने ऐसी पहल और सही जगह का चयन करने के लिए वन विभाग का आभार जताया।
ददवां में सेल्फी प्वाइंट वहां बनाया गया है, जहां एक तरफ से भरमौर का खूबसूरत नजारा तो दूसरी ओर से प्राकृतिक झरने का नजारा दिखता है। इसी जगह खड़े होकर पर्यटक सूर्य को भी डूबते हुए देख सकते हैं। आने वाले समय में सेल्फी प्वाइंट पर्यटकों की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक होगी। सेल्फी प्वाइंट में आई लव भरमौर का बोर्ड लगाया गया है। जो भी सैलानी यहां खड़े होकर सेल्फी लेगा, उसकी फोटो में प्राकृतिक नजारों के साथ आई लव भरमौर का सिंबल भी कैद हो जाएगा।
वन विवेचना केंद्र भी होगा स्थापित
भरमौरवासियों ने इस प्रयास के लिए वन विभाग का आभार जताया है। वन मंडल अधिकारी सन्नी वर्मा ने कहा कि इस सेल्फी प्वाइंट के पास वन विवेचना केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। जहां पर्यटक भरमौर व वन्य प्राणियों की जानकारी हासिलकर सकेंगे। उन्होंने कहा विभाग भरमौरक के तमाम स्थानों के सौंदर्य को विश्व पटल पर लाने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए थला वाटरफाल, हड़सर, कुगति,घराड़ू, भरमाणी, चोली, होली और दियोल आदि स्थानों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः-कुल्लू में सीएम के सामने पुलिस अफसरों में चले लात-घूंसे, जानें वजह
यह अधिकारी रहे मौजूद
उन्होंने कहा कि विभाग भौतिक साधनों के साथ साथ प्राकृतिक तरीके से वन पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं। इस माह विभाग ने 30 हैक्टेयर भूमि में पौधारोपण कर उनकी देखभाल शुरू कर दी है। इस अवसर पर एडीएम पृथी पाल सिंह, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता दिलेर सिंह, बीएमओ डॉ. अंकित शर्मा, बीडीओ अनिल गौड़, सदर पंचायत प्रधान अनिल कुमार, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता भगवान कपूर और विद्युत सहायक अभियंता विक्रम शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।