गगल एयरपोर्ट से नोएडा; जयपुर और देहरादून के लिए शुरू होंगी उड़ानें, आ गई तारीख
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित गग्गल एयरपोर्ट से 30 मार्च से नोएडा, जयपुर और देहरादून के लिए नई हवाई सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इन सेवाओं से प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार मिलेगा और क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में गग्गल एयरपोर्ट दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला से जुड़ा है।
गग्गल एयरपोर्ट के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए नई उड़ानें शुरू की जा रही हैं। इसके साथ ही, जेवर एयरपोर्ट (नोएडा) से उड़ानों का परिचालन अप्रैल 2025 तक शुरू होने की संभावना है।
गग्गल एयरपोर्ट पर वर्तमान में प्रतिदिन छह उड़ानें संचालित होती हैं। 30 मार्च से एयरपोर्ट दो शिफ्टों में कार्य करेगा, जिससे सूर्योदय से सूर्यास्त तक उड़ानें सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी। गर्मियों के दौरान उड़ानों की संख्या बढ़ाकर 10 करने की योजना है। शाम के समय उड़ानों को संचालित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और तकनीकी अपग्रेडेशन पर काम किया जा रहा है।
एयरपोर्ट विस्तार की योजना, बड़े विमानों के लिए होगी सुविधा
गग्गल एयरपोर्ट के विस्तार की योजना बनाई जा रही है, ताकि यहां एयरबस 320 और बोइंग मॉडल जैसे बड़े विमानों को उतरने की अनुमति मिल सके। इसके लिए रनवे को विस्तारित करने और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार किए जा रहे हैं।
इस विस्तार से एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी में और सुधार होगा और यह हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और अहमदाबाद जैसे बड़े शहरों से भी जुड़ सकेगा। इससे न केवल यात्रा की लागत में कमी आएगी, बल्कि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पर्यटक हर साल आते हैं। नई हवाई सेवाओं से इनकी यात्रा अधिक सुगम होगी, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी।
बौद्ध धर्म के तीर्थस्थलों को ध्यान में रखते हुए, गग्गल एयरपोर्ट को अमृतसर और बोधगया जैसे प्रमुख स्थलों से जोड़ने की लंबे समय से मांग की जा रही है। हाल ही में बौद्ध आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने भी गग्गल एयरपोर्ट को अन्य बौद्ध स्थलों से जोड़ने की वकालत की थी। इससे धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नई गति
गग्गल एयरपोर्ट का विस्तार हिमाचल प्रदेश के पर्यटन और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा। प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, जिससे होटल, टैक्सी सेवाओं और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ होगा।
एयरपोर्ट विस्तार और नई हवाई सेवाओं की शुरुआत से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे धर्मशाला और आसपास के इलाकों की पहुंच आसान और तेज हो जाएगी। यह कदम हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।