जम्मू-कश्मीर में 3 साल में मारे गए 635 आतंकी
जम्मू-कश्मीर में पिछले 3 साल में 635 आतंकवादी मारे गए गए हैं। साथ ही आतंकी वारदातों की वजह से 115 आम नागरिकों की जान गई है। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद से आतंकी घटनाओं में भारी गिरावट आई है। सरकार ने सोमवार को लोकसभा में एक सवाल के जवाब में आंकड़ों के साथ जवाब दिया है।
गृह मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि जम्मू-कश्मीर में 2018 में 257 आतंकवादी मारे गए। 2019 में सुरक्षाबलों ने 157 दहशतगर्द ढेर किए। वहीं, 2020 में 221 आतंकी मौत के घाट उतारे। इस साल 15 फरवरी तक 3 आतंकवादी मारे गए हैं। आतंकी घटनाओं की वजह से 2018 से पिछले महीने 15 फरवरी तक कुल 116 आम लोगों की जान गई है।
गृह मंत्रालय ने यह भी बताया है कि अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी किए जाने के बाद से केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवादी वारदातों में भारी कमी आई है। 2019 में जहां जम्मू-कश्मीर में 594 आतंकी घटनाएं हुईं तो 2020 में इनकी संख्या घटकर 244 रह गई। 2021 में 15 फरवरी तक 15 घटनाएं हुई हैं।
गृहमंत्रालय ने बताया कि सरकार ने 42 संगठनों को आतंकी संगठन घोषित किया है और अनलॉफुल एक्टिविटीज (प्रिवेंशन) एक्ट 1967 की पहली सूची में इन्हें दर्ज किया है। सरकार ने यह भी दोहराया है कि भारत में बड़े पैमाने पर आतंकवाद सीमा पार से प्रायोजित किया जाता है।